देश विदेश

श्रीलंका ने भारतीय मछुआरे गिरफ्तार किये

कोलंबो | एजेंसी: श्रीलंका की नौसेना ने उन 37 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया है जो उनके क्षेत्र में जाकर मछली पकड़ रहे थे. श्रीलंका नौसेना के प्रवक्ता ने मंगलवार को यह जानकारी दी.

नौसेना प्रवक्ता कोसला वर्नाकुलासूर्या ने बताया कि मछुआरों के रात के समय उत्तरी सागर में अंतर्राष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा पार करने के वक्त उन्हें गिरफ्तार किया गया.

उत्तरी सागर के थलाइमन्नार में 22 मछुआरों के एक दल को गिरफ्तार किया गया और उनकी नावें जब्त कर ली गईं. इसके अलावा 15 भारतीय मछुआरों का एक और दल उत्तर सागर के डेल्फ्ट द्वीप से गिरफ्तार किया गया.

नौसेना प्रवक्ता ने बताया कि गिरफ्तार मछुआरों को तट पर लाकर पुलिस के हवाले कर दिया गया.

भारत के विदेश मामलों के मंत्री सलमान खुर्शीद ने अपने हालिया श्रीलंका दौरे में इस मसले पर श्रीलंका के राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे से भी चर्चा की थी.

दोनों पक्षों में इस बात पर सहमति हुई थी कि दोनों देशों के मछुआरा समुदाय की बैठक रखी जाए और उन्हें इस समस्या का हल स्वयं ढूंढने दिया जाए.

भारत-श्रीलंका के बीच दोनों ही देशों के मछुआरों द्वारा गलत तरीके से अंतर्राष्ट्रीय सीमा लांघना एक आम समस्या है.

भारतीय मछुआरों ने कई बार अंतर्राष्ट्रीय समुद्र सीमा रेखा लांघने पर श्रीलंका नौसेना द्वारा हमला किए जाने का आरोप लगाया है, जिसे श्रीलंका की नौसेना मानने से इंकार करती आई है.

error: Content is protected !!