रवि, 08 नव. 2026

CGKhabar

जल जीवन मिशन की टंकी में करंट से डेढ़ साल के मासूम की मौत

C

CG Khabar

30 मई 2026, 10:38 PM 2 मिनट में पढ़ें 11

जल जीवन मिशन की टंकी
जल जीवन मिशन की टंकी

गौरेला । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के गौरेला थाना इलाके में प्रशासनिक अनदेखी ने एक मासूम की जान ले ली. ग्राम पंचायत बनझोरका के अंतर्गत आने वाले आश्रित ग्राम रानीझाप में जल जीवन मिशन के तहत स्थापित की गई पानी की टंकी के लोहे के ढांचे में अचानक करंट फैल गया. 


इसकी चपेट में आने से महज डेढ़ वर्षीय बच्चे ने दम तोड़ दिया. मृत बच्चे की पहचान पार्थ के रूप में हुई है, जिसकी मां गांव के ही आंगनबाड़ी केंद्र में सहायिका के पद पर कार्यरत हैं. बताया जा रहा है कि यह दर्दनाक हादसा उस वक्त हुआ जब बच्चा अपने पिता के साथ नल के पास नहाने गया हुआ था.

विज्ञापन


इस घटना के बाद से पूरे इलाके के ग्रामीणों में गहरा रोष व्याप्त है. स्थानीय निवासियों का आरोप है कि पानी की टंकी के इस लोहे के फ्रेम में पिछले करीब दो महीनों से बिजली का करंट आ रहा था, जिससे लगातार खतरा बना हुआ था. 


ग्रामीणों ने इस गंभीर समस्या को लेकर स्थानीय सरपंच और सचिव को कई बार लिखित और मौखिक तौर पर अवगत कराया था, लेकिन पंचायत प्रशासन ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया. 


ग्रामीणों का साफ कहना है कि यदि समय रहते उनकी शिकायतों पर गौर कर लिया जाता, तो आज एक मासूम की जान नहीं जाती. इस पूरी दुखद घटना के लिए पंचायत प्रबंधन की घोर लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP