बुध, 18 नव. 2026

CGKhabar

अब नहीं अटकेगी आपकी मेहनत की कमाई: अभियान शुरू

C

CG Khabar

04 अक्टू. 2025, 02:05 PM 2 मिनट में पढ़ें 18

निर्मला सीतारमण
निर्मला सीतारमण

गांधीनगर । डेस्क: अब नागरिकों की वर्षों से फंसी हुई जमा राशि, बीमा क्लेम, लाभांश, म्यूचुअल फंड शेष और पेंशन जैसी लावारिस वित्तीय संपत्तियां आसानी से वापस मिल सकेंगी. केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण ने शनिवार को गुजरात के गांधीनगर में राष्ट्रव्यापी वित्तीय जागरूकता अभियान “आपकी पूंजी, आपका अधिकार” की शुरुआत की.


इस मौके पर वित्त मंत्री ने कहा कि यह अभियान नागरिकों को उनकी वैध बचत तक पहुँचाने का प्रयास है. उन्होंने जोर देकर कहा कि बचाया गया हर रुपया परिवारों के भविष्य, शिक्षा, स्वास्थ्य और वित्तीय सुरक्षा का आधार है, और यह किसी भी सूरत में नागरिकों से वंचित नहीं होना चाहिए.

विज्ञापन


“3ए” पर जोर: जागरूकता, पहुंच और कार्रवाई


सीतारमण ने बताया कि इस अभियान के तीन स्तंभ हैं-


जागरूकता: हर नागरिक और समुदाय को यह जानकारी मिलना कि उनकी लावारिस राशि कहाँ और कैसे खोजी जा सकती है.


पहुंच: सरल डिजिटल टूल और जिला-स्तरीय हेल्पडेस्क के जरिए सीधी सुविधा.


कार्रवाई: दावों का समयबद्ध और पारदर्शी निपटारा.


आंकड़े और चुनौतियां-


वित्तीय सेवा सचिव एम. नागराजू ने बताया कि अगस्त 2025 तक 75,000 करोड़ रुपये से अधिक की दावा रहित जमाराशियां आरबीआई के जमाकर्ता शिक्षा एवं जागरूकता कोष में स्थानांतरित की जा चुकी हैं.


बीमा कंपनियों में दावा न की गई राशि 13,800 करोड़ रुपये


म्यूचुअल फंड शेष 3,000 करोड़ रुपये


अवैतनिक लाभांश 9,000 करोड़ रुपये


172 करोड़ शेयर निवेशक शिक्षा एवं संरक्षण कोष में


अभियान का विस्तार


अक्टूबर से दिसंबर 2025 तक यह अभियान सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में चलाया जाएगा. बैंकों, बीमा कंपनियों, म्यूचुअल फंड और पेंशन संस्थानों के साथ-साथ आरबीआई, सेबी, आईआरडीएआई, पीएफआरडीए और आईईपीएफए इसमें भागीदारी करेंगे. डिजिटल प्रदर्शनियों और हेल्पडेस्क से नागरिक अपनी लावारिस संपत्तियों को खोज और दावा कर पाएंगे.


यह अभियान जनधन योजना, यूपीआई और प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण जैसी पहलों की अगली कड़ी है, जिसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि नागरिकों को उनकी मेहनत की कमाई वापस मिले और वित्तीय समावेशन हर घर तक पहुंचे.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP