बगदाद बैटरी: 2,000 साल पुरानी रहस्यमयी 'इलेक्ट्रिक सेल'
नई दिल्ली । डेस्क: प्राचीन इराक के टेसिफोन खंडहरों से 1936 में मिली 'बगदाद बैटरी' प्राचीन सभ्यता की प्रौद्योगिकीय क्षमता और रचनात्मकता का एक चमत्कारिक उदाहरण है. मात्र 13-15 सेंटीमीटर ऊंचा मिट्टी का पॉट, जिसमें तांबे का सिलिंडर था और उसके अंदर लोहे की रॉड. यह देखकर कौन सोचेगा कि यह एक बैटरी हो सकती है? पुरातत्वविदों ने इसे 'बगदाद बैटरी' नाम दिया, जो करीब 2,000 साल पुरानी मानी जाती है.
कुछ शोधकर्ताओं का दावा है कि यह वस्तु बिजली उत्पादन के लिए बनी थी. जब यह मिली, तब यह काफी क्षयग्रस्त अवस्था में थी, लेकिन वैज्ञानिकों का अनुमान है कि तांबे के सिलिंडर में पानी की बजाय कोई रासायनिक तरल जैसे एसिडिक या क्षारीय घोल भरा जाता था. तांबा और लोहे के बीच विद्युत-रासायनिक प्रतिक्रिया से यह गैल्वेनिक सेल की तरह 0.5 से 1 वोल्ट तक बिजली पैदा कर सकती थी. जर्मन वैज्ञानिक विल्हेल्म कोनिग ने 1938 में इसे प्राचीन बैटरी के रूप में पहचानने का प्रस्ताव दिया, और बाद में कई वैज्ञानिकों ने प्रयोगों से इसकी पुष्टि की.
हालांकि, इसकी उद्देश्य को लेकर बहस छिड़ी हुई है. कई लोग मानते हैं कि यह धार्मिक या आध्यात्मिक कार्यों के लिए इस्तेमाल होती थी, जहां रासायनिक प्रतिक्रिया की कोई भूमिका नहीं थी. शायद सोने या चांदी पर परत चढ़ाने जैसे अनुष्ठानों में. वहीं, 2002 में 'प्लेटिंग एंड सरफेस फिनिशिंग जर्नल' में प्रकाशित रिपोर्ट में कहा गया कि लोहे और तांबे के दोनों हिस्सों को सर्किट से जोड़ना इसकी संरचना में असंभव था, इसलिए बिजली उत्पादन का दावा गलत है.
खोज के दौरान वैज्ञानिकों को चार और अजीबोगरीब मिट्टी के बर्तन मिले, जो शुरू में साधारण लगे. ये हथेली के आकार के 15-20 सेंटीमीटर लंबे थे. प्रत्येक में ब्रॉन्ज का छोटा सिलिंडर (3 सेंटीमीटर व्यास, 7.5 सेंटीमीटर लंबा) छिपा था, जो बेहद निपुणता से बना था. एक में सूखे पौधों के अवशेष थे, तो दूसरे में पतली कागज जैसी चीज गोल करके लपेटी हुई मिली, जिसके किनारे सुंदर तरीके से मोड़े गए थे. इनका उद्देश्य भी स्पष्ट नहीं, लेकिन यदि रासायनिक पदार्थ भरे जाते, तो ये भी बिजली उत्पन्न कर सकते थे.
शेरिफ यूसुफ और जवाद अल-सफर के नेतृत्व में 1936 की खुदाई में यह खोज हुई. इसे बगदाद संग्रहालय में रखा गया, जहां कोनिग जैसे वैज्ञानिकों ने वर्षों प्रयोग किए. लेकिन 2003 के इराक युद्ध में देश को भारी क्षति हुई, और संग्रहालय से 'बगदाद बैटरी' चोरी हो गई. आज तक इसका कोई सुराग नहीं मिला, जो इस रहस्य को और गहरा बनाता है. क्या यह प्राचीन बिजली का प्रमाण था, या सिर्फ एक साधारण बर्तन? सवाल बाकी हैं.