रवि, 08 नव. 2026

CGKhabar

बिहार सरकार हर मोर्चे पर विफल, केंद्र भी नहीं बचा- भूपेश बघेल

C

CG Khabar

24 सित. 2025, 01:31 PM 2 मिनट में पढ़ें 15

भूपेश बघेल
भूपेश बघेल

पटना । डेस्क: छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बिहार की एनडीए सरकार और केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है. पटना में कांग्रेस कार्य समिति (CWC) की बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए बघेल ने बिहार की नीतीश कुमार सरकार को नाकाम करार दिया और इसे 'डबल इंजन' सरकार की नाकामी का प्रतीक बताया. उन्होंने कहा कि बिहार में बेरोजगारी अपने चरम पर है और सरकार पूरी तरह से निष्क्रिय हो चुकी है.


बघेल ने केंद्र सरकार पर भी लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा, "CBI और ED जैसी एजेंसियों का दुरुपयोग विपक्ष को परेशान करने के लिए किया जा रहा है. चुनाव आयोग, जो पहले निष्पक्ष था, अब बीजेपी के दबाव में काम कर रहा है." 

विज्ञापन


उन्होंने देश की विदेश नीति और सुरक्षा चुनौतियों पर भी सवाल उठाए, खासकर चीन के हस्तक्षेप और पड़ोसी देशों में अस्थिरता को लेकर. बघेल ने कहा, "राहुल गांधी ने बार-बार चीन के अतिक्रमण के खिलाफ आवाज उठाई है, लेकिन सरकार इस पर चुप है. नेपाल, श्रीलंका और बांग्लादेश की स्थिति खराब है, और वैश्विक मंच पर भारत को कोई समर्थन नहीं मिल रहा."


आर्थिक मोर्चे पर भी बघेल ने मोदी सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि GST लागू होने के समय कांग्रेस ने इसका विरोध किया था, लेकिन सरकार ने इसे 'दूसरी आजादी' करार दिया. अब GST की दरों को पांच से दो करने के बाद भी जनता की क्रय शक्ति खत्म हो चुकी है. 


बघेल ने कहा, "लोगों के पास उत्सव मनाने के लिए पैसे नहीं हैं. महंगाई और खराब नीतियों ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है."


कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने CWC की बैठक में बेरोजगारी, MNREGA के बकाया भुगतान और देश की बिगड़ती आर्थिक स्थिति जैसे मुद्दों को उठाया. बघेल ने कहा, "हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष ने साफ किया कि यह सब केंद्र सरकार की विफलताओं का नतीजा है."

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP