रानी मुखर्जी, विक्रांत मेस्सी और किंग खान को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार
नई दिल्ली । मनोरंजन डेस्क: बॉलीवुड के सितारों ने 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया. मंगलवार को दिल्ली के विज्ञान भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रानी मुखर्जी, विक्रांत मेस्सी और शाहरुख खान को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों से सम्मानित किया.
रानी मुखर्जी को उनकी फिल्म मिसेज चटर्जी वर्सेज नॉर्वे में शानदार प्रदर्शन के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिला. यह रानी का पहला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार है, जो उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में लगभग 30 साल के करियर के बाद हासिल किया. समारोह में रानी ने अपनी खुशी जाहिर की और इस उपलब्धि को अपनी टीम और प्रशंसकों को समर्पित किया.
विक्रांत मेस्सी को 12थ फेल में उनके प्रभावशाली अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार मिला. यह फिल्म मनोज कुमार शर्मा की सच्ची कहानी पर आधारित है, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में यूपीएससी परीक्षा पास कर आईपीएस अधिकारी बनने का सपना पूरा किया.
पुरस्कार की घोषणा के बाद विक्रांत ने इसे समाज के हाशिए पर मौजूद लोगों को समर्पित किया. उन्होंने कहा, “मैं यह पुरस्कार उन सभी लोगों को समर्पित करता हूं जो सामाजिक-आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहे हैं और जिन्हें अक्सर नजरअंदाज किया जाता है.”
शाहरुख खान को उनकी फिल्म जवान में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार मिला. यह उनके 30 साल से अधिक के करियर में पहला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार है. समारोह में शाहरुख काले सूट में नजर आए और उनकी मैनेजर पूजा ददलानी भी मौजूद थीं.
शाहरुख अपनी आगामी फिल्म किंग की शूटिंग के लिए विदेश में थे, लेकिन इस समारोह के लिए विशेष रूप से दिल्ली लौटे. किंग में शाहरुख अपनी बेटी सुहाना खान और दीपिका पादुकोण के साथ नजर आएंगे. पुरस्कार की घोषणा के बाद शाहरुख ने सोशल मीडिया पर अपने प्रशंसकों, टीम और परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया था.
राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की घोषणा अगस्त में की गई थी, और इस समारोह में बॉलीवुड के इन सितारों की उपलब्धियों ने सिनेमा जगत में एक नया इतिहास रचा.