अंबिकापुर में पुरानी रंजिश में युवक के पेट में घोंपा चाकू
अंबिकापुर । संवाददाता: सुरगुजा जिले के अंबिकापुर शहर में शनिवार दोपहर एक बार फिर चाकूबाजी की वारदात ने लोगों में दहशत फैला दी. मायापुर स्थित चांदनी चौक के एक चाय स्टॉल पर करीब दोपहर 12 बजे तीन बदमाशों ने युवक पर जानलेवा हमला कर दिया.
घायल युवक बौरीपारा निवासी ऋतिक जायसवाल को पेट में चाकू लगने के बाद भी वह खुद चाकू पकड़े हुए ऑटो से मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचा, जहां उसका इलाज हुआ.
घटना की जानकारी दोस्त आनंद गुप्ता ने दी. आनंद के अनुसार, दोनों साप्ताहिक बाजार से कपड़े का सामान लेकर लौट रहे थे. इसके बाद गैरेज से वैन लेने के लिए बाइक पर जा रहे थे, तभी चांदनी चौक पर डेली नीड्स के पास चाय पीने रुक गए. इसी दौरान सत्यम नामक युवक अपने दो साथियों के साथ वहां पहुंचा. पुराने किसी विवाद को लेकर बात बढ़ गई और 4-5 मिनट तक जोरदार कहासुनी हुई.
अचानक विवाद इतना बढ़ गया कि एक हमलावर ने चाकू निकालकर ऋतिक के पेट पर जोरदार वार कर दिया. चाकू गहराई तक धंस गया. हमलावर तुरंत मौके से फरार हो गए.
आसपास खड़े लोग अफरा-तफरी में आ गए, लेकिन किसी ने तुरंत मदद नहीं की. आनंद ने किसी तरह घायल ऋतिक को ऑटो में बिठाकर अस्पताल पहुंचाया. रास्ते भर ऋतिक ने पेट में धंसे चाकू को हाथ से थामे रखा.
पुलिस घटनास्थल पर आधे घंटे बाद पहुंची. फिलहाल घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है और डॉक्टरों ने उसका ऑपरेशन किया है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है.