बस्तर में अज्ञात वाहन की टक्कर से मादा भालू की मौत
बस्तर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के मेटावाड़ा गांव के पास बुधवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक जंगली मादा भालू की मौत हो गई. यह दुर्घटना जगदलपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-30) पर उस समय हुई जब भालू सड़क पार कर रहा था और किसी अज्ञात तेज रफ्तार कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी भीषण थी कि मादा भालू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि चालक वाहन समेत फरार होने में कामयाब रहा.
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुँचकर जांच शुरू की. फॉरेस्ट एसडीओ देवलाल दुग्गा ने बताया कि विभाग ने पंचनामा और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ली है और फरार वाहन की तलाश की जा रही है ताकि दोषी के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया जा सके.
उल्लेखनीय है कि बस्तर के इन ग्रामीण इलाकों में पिछले कुछ समय से बाघ और भालू जैसे वन्यजीवों की सक्रियता लगातार देखी जा रही है. इस घटना के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है और हाईवे से गुजरने वाले वाहन चालकों से अपील की है कि वे वन्यजीवों की सुरक्षा के मद्देनजर वाहनों की गति धीमी रखें और सतर्कता बरतें.