छत्तीसगढ़ वाणिज्य कर अधिकरण को समाप्त किया जाएगा
रायपुर । संवाददाता: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित कैबिनेट की बैठक में राज्य के विकास, व्यापार और प्रशासनिक सुधारों को लेकर कई ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं. इस बैठक में सबसे महत्वपूर्ण फैसला शिक्षा जगत से जुड़ा रहा, जिसके तहत राज्य सरकार ने छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय (स्थापना एवं संचालन) (संशोधन) विधेयक, 2026 के प्रारूप को मंजूरी दे दी है. इस नए संशोधन के बाद अब राज्य में निजी विश्वविद्यालयों की स्थापना के लिए 'विन्यास निधि' के स्थान पर 'रक्षित निधि' का प्रावधान लागू किया जाएगा.
भारत सरकार के मंत्रिमंडल सचिवालय के विनियमन प्रकोष्ठ की अनुशंसाओं के अनुरूप किए गए इस बदलाव से न केवल निजी विश्वविद्यालयों के प्रावधान अधिक व्यावहारिक और समकालीन बनेंगे, बल्कि छात्रों के भविष्य को संवारने के लिए यूजीसी के मानकों के अनुसार बेहतर आधारभूत ढांचा, पुस्तकालय और अन्य उच्च स्तरीय सुविधाएं सुनिश्चित हो सकेंगी.
कैबिनेट की बैठक में बिजली क्षेत्र को लेकर भी एक बड़ा फैसला हुआ है. इसके तहत छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी द्वारा केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के विद्युत उपक्रमों (CPSUs) जैसे एनटीपीसी आदि से खरीदी जाने वाली बिजली के भुगतान की सुरक्षा के लिए वर्तमान त्रिपक्षीय अनुबंध के स्थान पर रिजर्व बैंक के दिशा-निर्देशों के अनुसार डायरेक्ट डेबिट मैंडेट (DDM) व्यवस्था लागू करने की मंजूरी दी गई है. इससे राज्य पर कोई अतिरिक्त वित्तीय भार नहीं आएगा और बिजली की निर्बाध आपूर्ति बनी रहेगी.
इसके साथ ही, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस विशेष कार्यपालिक बल (बस्तर फाइटर्स) फाइटर आरक्षक सेवा (भर्ती तथा सेवा की शर्तें) नियम, 2026 में भी महत्वपूर्ण संशोधन को स्वीकृति दी गई है.
राज्य में कर प्रणाली और व्यापारिक सुगमता को बढ़ाने के लिए भी मंत्रिपरिषद ने कई महत्वपूर्ण विधेयकों को हरी झंडी दिखाई है. वाणिज्यिक कर विभाग में बड़ा सुधार करते हुए छत्तीसगढ़ मूल्य संवर्धित कर (संशोधन) विधेयक, 2026 के प्रारूप को मंजूरी दी गई है, जिससे अब छत्तीसगढ़ वाणिज्यिक कर अधिकरण को समाप्त कर दिया जाएगा.
जीएसटी लागू होने के बाद वैट के मामलों में आई कमी और जीएसटी अपीलीय न्यायाधिकरण (GSTAT) की स्थापना को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है, जिसके बाद अब लंबित मामले राजस्व मंडल को ट्रांसफर किए जाएंगे.
इसके अलावा, जीएसटी कानून को और अधिक सरल, पारदर्शी और करदाताओं व निर्यातकों के अनुकूल बनाने के लिए छत्तीसगढ़ माल एवं सेवा कर (संशोधन) विधेयक, 2026 के प्रारूप को भी मंजूरी दी गई है.
औद्योगिक विकास और निवेश को रफ्तार देने के लिए साय कैबिनेट ने 'छत्तीसगढ़ औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन (संशोधन) विधेयक, 2026' के प्रारूप का अनुमोदन किया है. अन्य अग्रणी राज्यों की औद्योगिक नीतियों का अध्ययन कर तैयार किए गए इस प्रारूप से निवेशकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी.
इसी कड़ी में एक और ऐतिहासिक कदम उठाते हुए मंत्रिपरिषद ने 'छत्तीसगढ़ ईज ऑफ डूइंग बिजनेस (विनिमय-मुक्ति एवं सुविधा) विधेयक, 2026' के प्रारूप को मंजूरी दी है. ऐसा अनूठा कानून लाने वाला छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य बनेगा, जिसमें डीम्ड परमिशन, स्व-प्रमाणीकरण, थर्ड-पार्टी वेरिफिकेशन और जोखिम-आधारित निरीक्षण जैसे प्रावधान शामिल हैं, जो लालफीताशाही को खत्म कर रोजगार के नए अवसर पैदा करेंगे.
नवा रायपुर में निवेश को बढ़ावा देने और संपत्तियों के आवंटन से जुड़े विवादों को निपटाने के लिए कैबिनेट ने नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण (NRDA) द्वारा आवंटित भूखंडों और परिसरों के बकाया ब्याज व अधिभार में राहत देने हेतु 'वन टाइम सेटलमेंट (OTS) योजना-2026' को मंजूरी दी है.
पर्यावरण संरक्षण और नियमों के सरलीकरण के बीच संतुलन बनाने के उद्देश्य से भारत सरकार के जल (प्रदूषण निवारण तथा नियंत्रण) संशोधन अधिनियम, 2024 को छत्तीसगढ़ में अंगीकार करने के लिए विधानसभा में संकल्प प्रस्तुत करने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई है, जिससे छोटे उल्लंघनों को अपराध की श्रेणी से बाहर कर केवल आर्थिक दंड का प्रावधान रहेगा.
मकान मालिकों और किरायेदारों के हितों की रक्षा के लिए कैबिनेट ने छत्तीसगढ़ भाड़ा नियंत्रण अधिनियम, 2011 (संशोधन) विधेयक, 2026 के प्रारूप को मंजूरी दी है. भारत सरकार के आदर्श किरायेदारी अधिनियम, 2021 के अनुरूप किए गए इस संशोधन से खाली मकानों को किराए पर देने को बढ़ावा मिलेगा और विवादों का त्वरित निपटारा हो सकेगा.
अंत में, राज्य की सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए मंत्रिपरिषद ने राजनांदगांव में 2000 सीट की विशाल क्षमता वाले एक आधुनिक और भव्य ऑडिटोरियम के निर्माण के लिए आवश्यक शासकीय भूमि के आवंटन का भी एक बड़ा व महत्वपूर्ण निर्णय लिया है.