छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री ने सुरक्षा बलों की सराहना की
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सुरक्षा बलों द्वारा संयुक्त अभियान में 10 नक्सलियों को मार गिराने की कार्रवाई की प्रशंसा की है. इस अभियान में 1 करोड़ रुपये के इनामी वरिष्ठ नक्सली कमांडर मनोज उर्फ मोडेम बालकृष्ण सहित नौ अन्य नक्सली मारे गए.
उपमुख्यमंत्री ने इसे "उत्कृष्ट अभियान" करार देते हुए कहा कि यह सीआरपीएफ के कोबरा कमांडो, छत्तीसगढ़ पुलिस और डीआरजी की संयुक्त कार्रवाई थी, जिसे बहुत ही संयमित तरीके से अंजाम दिया गया.
शर्मा ने गुरुवार को कहा, "यह एक शानदार अभियान था. यह दो दिनों तक चला. इस मुठभेड़ में सभी नक्सली मारे गए, जिनमें 1 करोड़ रुपये का इनामी नक्सली भी शामिल था. इसके साथ ही नौ अन्य नक्सली भी ढेर किए गए."
अधिकारियों के अनुसार, मारे गए वरिष्ठ कमांडर मनोज उर्फ मोडेम बालकृष्ण नक्सलियों के केंद्रीय समिति (सीसी) का सदस्य था.
रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा ने बताया कि गरियाबंद में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें रुक-रुक कर गोलीबारी हुई.
शुक्रवार सुबह भी छिटपुट गोलीबारी जारी रही. गरियाबंद ई-30, एसटीएफ और कोबरा के विशेष बल मौके पर मौजूद थे. इस दौरान सुरक्षा बलों ने 10 हथियार भी बरामद किए.