छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट की भिलाई पुलिस को कड़ी फटकार
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने भिलाई पुलिस की कार्यप्रणाली पर कड़ा रुख अपनाते हुए एक मामले में गंभीर चिंता व्यक्त की है. अदालत ने कहा कि पुलिस की कथित कार्रवाई अवैध गिरफ्तारी, हिरासत में मानसिक-शारीरिक उत्पीड़न, हथकड़ी पहनाकर सार्वजनिक परेड कराना और अपमानजनक नारे लगवाना संविधान के अनुच्छेद 21 और 22 में निहित नागरिकों के जीवन, स्वतंत्रता और गरिमा के मूल अधिकारों पर सीधा आघात है.
मामला एक सिनेमा हॉल में हुई कथित मामूली कहासुनी से जुड़ा है, जिसके बाद थिएटर स्टाफ ने पुलिस को बुलाया. याचिकाकर्ताओं का आरोप है कि पुलिस ने पूर्वाग्रह से ग्रस्त होकर घटना को तोड़-मरोड़कर महिला की लज्जा भंग करने और पुलिसकर्मियों पर हमला जैसे गंभीर अपराधों का रूप दे दिया और भारतीय न्याय संहिता की कई धाराओं में उन्हें फंसा दिया.
याचिकाकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें हिरासत में प्रताड़ित किया गया, न्यायिक रिमांड के बावजूद हथकड़ी पहनाकर सार्वजनिक रूप से घुमाया गया और उनसे “अपराध करना पाप है, पुलिस हमारा बाप है” जैसे अपमानजनक नारे लगवाए गए. इसके अलावा, चोटों के स्पष्ट निशान होने के बावजूद समय पर चिकित्सकीय जांच नहीं कराई गई.
मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा और न्यायमूर्ति रविंद्र कुमार अग्रवाल की खंडपीठ ने कहा कि यदि ये आरोप सिद्ध होते हैं, तो यह कानून के शासन और संवैधानिक सुरक्षा उपायों की घोर अवहेलना दर्शाते हैं. अदालत ने स्पष्ट किया कि किसी भी नागरिक को उत्पीड़न, अपमान या हिरासत में दुर्व्यवहार का शिकार नहीं बनाया जा सकता.
हालांकि, अदालत ने विवादित तथ्यों के प्रत्यक्ष परीक्षण के बजाय विभागीय समीक्षा की संभावना को देखते हुए याचिका का निपटारा कर दिया. फिर भी, पीठ ने विशेष रूप से थाना प्रभारी के आचरण पर “गंभीर चिंता और कड़ी अस्वीकृति” दर्ज करते हुए उसे पुलिस शक्तियों के प्रयोग में “लापरवाह और जल्दबाजी भरा” बताया.
हाईकोर्ट ने पुलिस महानिदेशक (DGP) को निर्देश दिए कि वे सभी पुलिस अधिकारियों को संविधान, प्रासंगिक कानूनों और सुप्रीम कोर्ट के Arnesh Kumar, Satender Kumar Antil और D.K. Basu मामलों में दिए गए दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें.
साथ ही, संबंधित थाना प्रभारी के आचरण की जांच कर आवश्यक सुधारात्मक व अनुशासनात्मक कार्रवाई करें और गिरफ्तारी, रिमांड व हिरासत से जुड़े संवैधानिक मानकों से किसी भी विचलन पर सख्त विभागीय कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश जारी करें.
गौरतलब है कि इससे पहले जमानत सुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता ने विवाद को तुच्छ बताया था और जमानत पर आपत्ति नहीं की थी. अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश, दुर्ग ने भी पुलिस के आचरण को सत्ता के दुरुपयोग की श्रेणी में रखा था.