कोरबा: महिला से छेड़छाड़ करने पर पुलिस सब-इंस्पेक्टर सस्पेंड
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में पुलिस महकमे की साख पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है. महिला से छेड़छाड़ और धमकी देने के आरोप में कटघोरा थाना में पदस्थ एक सब-इंस्पेक्टर एसके कोसरिया को न सिर्फ गिरफ्तार किया गया है, बल्कि उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित भी कर दिया गया है.
अदालत में पेशी के बाद आरोपी अधिकारी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
पीड़िता की शिकायत के अनुसार, सब-इंस्पेक्टर ने पहले फोन पर संपर्क कर उसके पति को अवैध शराब के मामले में फंसाने और जेल भेजने की धमकी दी. आरोप है कि इसके बाद रविवार को आरोपी अधिकारी महिला के घर पहुंचा और उसके साथ अशोभनीय हरकतें कीं.
डरी-सहमी महिला ने बाद में पुलिस से शिकायत की.
मामले की जानकारी मिलते ही कटघोरा थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी ने जिला पुलिस अधाक्षक सिद्धार्थ तिवारी को अवगत कराया. प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद पीड़िता का बयान दर्ज कर सब-इंस्पेक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई और उसे हिरासत में ले लिया गया.
कोर्ट में पेश करने पर न्यायालय ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने के आदेश दिए.
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने आरोपी सब-इंस्पेक्टर को तत्काल निलंबित कर दिया है. प्रशासन का कहना है कि कानून के रक्षक यदि कानून तोड़ते पाए जाते हैं, तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. मामले की आगे की जांच जारी है.