लखनपुर: नशे की हालत में स्कूल आने पर सहायक शिक्षक निलंबित
अंबिकापुर । संवाददाता: सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड में शिक्षा विभाग की गरिमा को तार-तार करने वाले एक शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है. शासकीय प्राथमिक शाला गुमगराखुर्द में पदस्थ सहायक शिक्षक बुद्धेश्वर प्रसाद मानिकपुरी को विद्यालय समय के दौरान शराब के नशे में पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.
मामला 23 जनवरी 2026 का है, जब पूरे प्रदेश में सरस्वती पूजन का आयोजन किया जा रहा था. इसी पावन अवसर पर सहायक शिक्षक मानिकपुरी नशे की हालत में स्कूल पहुँचे थे. ग्राम पंचायत गुमगराखुर्द के सरपंच ने शिक्षक की इस स्थिति का वीडियो बनाकर संकुल समन्वयक को भेजा था.
संकुल समन्वयक और विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) की जांच में आरोपों की पुष्टि हुई, जिसके बाद इसकी रिपोर्ट जिला मुख्यालय भेजी गई.
जिला शिक्षा अधिकारी, सरगुजा ने प्राप्त प्रतिवेदन और वीडियो साक्ष्यों के आधार पर इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम-3 एवं 23 का स्पष्ट उल्लंघन माना है. इसे गंभीर कदाचार की श्रेणी में रखते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम-9 के तहत निलंबन की कार्रवाई की गई है.
निलंबन की अवधि के दौरान शिक्षक मानिकपुरी का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, बतौली निर्धारित किया गया है. उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी.
जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा है कि "विद्यालयीन वातावरण की गरिमा और विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोपरि है. शासकीय सेवा में रहते हुए अनुशासनहीनता और आचार संहिता का उल्लंघन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा."