छत्तीसगढ़ में साल 2023 में बाल विवाह का कोई मामला नहीं-NCRB
रायपुर । संवाददाता: राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, देश में बाल विवाह के मामलों में 2023 में छह गुना वृद्धि दर्ज की गई है, लेकिन छत्तीसगढ़ राज्य ने इस दिशा में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है. राज्य में पूरे वर्ष के दौरान बाल विवाह निषेध अधिनियम के तहत एक भी मामला दर्ज नहीं किया गया. यह उपलब्धि राज्य सरकार की जागरूकता अभियानों और सख्त निगरानी की बदौलत हासिल हुई है.
एनसीआरबी की रिपोर्ट में खुलासा किया गया है कि 2023 में बाल विवाह निषेध अधिनियम के तहत कुल 6,038 मामले दर्ज किए गए, जो 2022 के 1,002 मामलों की तुलना में छह गुना अधिक है. 2021 में यह संख्या 1,050 थी.
इनमें से लगभग 90 प्रतिशत मामले असम से संबंधित हैं, जहां 5,267 मामले दर्ज हुए. अन्य राज्यों में तमिलनाडु (174 मामले), कर्नाटक (145 मामले) और पश्चिम बंगाल (118 मामले) में भी उल्लेखनीय संख्या दर्ज की गई.
हालांकि, छत्तीसगढ़ के अलावा नागालैंड, लद्दाख और लक्षद्वीप जैसे कई राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों में भी बाल विवाह के कोई मामले नहीं दर्ज किए गए.
विशेषज्ञों का मानना है कि छत्तीसगढ़ में बाल विवाह मुक्त अभियान, सामुदायिक भागीदारी और कानूनी सख्ती ने इस सकारात्मक परिणाम को जन्म दिया है.
रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि 2023 में विवाह के लिए 16,737 लड़कियों और 129 लड़कों का अपहरण किया गया. 2006 में लागू बाल विवाह निषेध अधिनियम के तहत 18 वर्ष से कम उम्र की लड़कियों और 21 वर्ष से कम उम्र के लड़कों की शादी पर पूर्ण प्रतिबंध है.
अधिनियम उन व्यक्तियों को दंडित करता है जो ऐसे विवाहों का आयोजन, प्रदर्शन या सहायता करते हैं.
एनसीआरबी के आंकड़ों से स्पष्ट है कि बाल विवाह एक गंभीर सामाजिक समस्या बनी हुई है, लेकिन छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों की सफलता अन्य क्षेत्रों के लिए प्रेरणा स्रोत बन सकती है.