राजस्थान के CRPF इंस्पेक्टर की छत्तीसगढ़ में मौत
भीलवाड़ा । डेस्क: छत्तीसगढ़ में ड्यूटी के दौरान एक दर्दनाक हादसे में राजस्थान के सपूत और सीआरपीएफइंस्पेक्टर भंवर लाल मीणा की मौत हो गई. 56 वर्षीय मीणा मूल रूप से टोंक जिले के दौलतपुरा गांव के निवासी थे.
मंगलवार को छत्तीसगढ़ में गश्त के दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर एक गहरी खाई में गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे. अस्पताल में उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली.
शहीद भंवर लाल मीणा की पार्थिव देह बुधवार तड़के करीब 4 बजे हवाई मार्ग से जयपुर एयरपोर्ट पहुंची. वहां से सेना के विशेष वाहन द्वारा उनके पैतृक गांव दौलतपुरा लाया गया.
गांव में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में लोगों ने उन्हें नम आंखों से विदाई दी. शहीद का अंतिम संस्कार पूरे सैन्य सम्मान और गार्ड ऑफ ऑनर के साथ किया गया.
सेना के अधिकारी वीरेंद्र कुमार ने बताया कि हादसा उस समय हुआ जब इंस्पेक्टर मीणा अन्य जवानों के साथ अपनी बाइक से गश्त पर जा रहे थे. अचानक संतुलन बिगड़ने से उनकी बाइक खाई में जा गिरी.
हालांकि उन्होंने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन चोटें इतनी गंभीर थीं कि उन्हें बचाया नहीं जा सका. भंवर लाल मीणा 1987 में सेना में भर्ती हुए थे और 2029 में सेवानिवृत्त होने वाले थे. उनके परिवार में दो बेटे और तीन बेटियां हैं.