EMI चुकाने से पत्नी को संयुक्त संपत्ति से वंचित नहीं किया जा सकता: HC
नई दिल्ली । डेस्क: दिल्ली हाई कोर्ट ने एक महत्वपूर्ण फैसले में कहा है कि यदि कोई संपत्ति पति-पत्नी के संयुक्त नाम पर है, तो पति केवल एकतरफा ईएमआई चुकाने के आधार पर उसकी पूर्ण मालिकाना हक नहीं हासिल कर सकता. कोर्ट ने स्पष्ट किया कि ऐसी स्थिति में पत्नी को संपत्ति से वंचित नहीं किया जा सकता.
यह फैसला एक दंपति के मामले में सुनाया गया, जहां 1999 में शादी हुई थी. 2005 में मुंबई में उन्होंने संयुक्त रूप से एक फ्लैट खरीदा था. लेकिन 2006 से ही दोनों अलग-अलग रहने लगे. इसके बाद पति ने तलाक का मुकदमा दायर किया, जो अभी भी अदालत में लंबित है.
इस बीच, पति ने संयुक्त फ्लैट पर एकमात्र मालिकाना हक का दावा किया और तर्क दिया कि खरीद के बाद से वह ही ईएमआई चुका रहा है.
दिल्ली हाई कोर्ट की बेंच, जिसमें जस्टिस अनिल क्षेत्रपाल और जस्टिस हरिश वैद्यनाथन शामिल थे, ने इस मामले की सुनवाई की. कोर्ट ने टिप्पणी की, "जब कोई संपत्ति पति-पत्नी के संयुक्त नाम पर खरीदी जाती है, तो पति का एकल मालिकाना हक का दावा स्वीकार्य नहीं है." कोर्ट ने पति की याचिका को बेनामी संपत्ति लेनदेन अधिनियम की धारा 4 के खिलाफ करार दिया. इस धारा के अनुसार, संपत्ति के समान अधिकार वाले किसी व्यक्ति के खिलाफ दूसरा मालिक मुकदमा या कोई कदम नहीं उठा सकता.
पत्नी ने हाई कोर्ट में याचिका दायर कर कहा कि संपत्ति का 50 प्रतिशत हिस्सा उसका है, क्योंकि हिंदू विवाह अधिनियम के तहत यह उसके 'स्त्रीधन' (पत्नी का संपत्ति) का हिस्सा है. इसलिए, वह भी अपनी मालिकाना हक का दावा कर रही है. कोर्ट ने कहा कि ईएमआई चुकाने मात्र से संपत्ति पूरी तरह पति की मालिकाना हक में नहीं आ जाती.
यह फैसला महिलाओं के संपत्ति अधिकारों को मजबूत करने वाला माना जा रहा है, खासकर संयुक्त संपत्तियों के मामलों में.