डेनमार्क और ग्रीनलैंड ने कहा- ‘बिक्री के लिए नहीं है हमारा द्वीप’
नई दिल्ली । डेस्क: डेनमार्क और ग्रीनलैंड ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उस योजना को कड़े शब्दों में खारिज कर दिया है, जिसमें उन्होंने रणनीतिक कारणों से ग्रीनलैंड को अमेरिका के नियंत्रण में लेने की इच्छा जताई है. ग्रीनलैंड की सांसद आजा चेमनित्ज़ ने स्पष्ट किया कि ग्रीनलैंड कभी भी बिक्री के लिए उपलब्ध नहीं था और न ही कभी होगा.
उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी भी कूटनीतिक चर्चा के लिए सम्मान सबसे महत्वपूर्ण शर्त है.
दरअसल, राष्ट्रपति ट्रंप ने हाल ही में आर्कटिक क्षेत्र में रूस और चीन की बढ़ती गतिविधियों का हवाला देते हुए ग्रीनलैंड को अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया है.
हालांकि, व्हाइट हाउस की ओर से सैन्य विकल्प खुले रखने की बात कहे जाने के बाद तनाव और बढ़ गया है.
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो और डेनमार्क-ग्रीनलैंड के अधिकारियों के बीच अगले सप्ताह होने वाली बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा होने की संभावना है.
यूरोपीय संघ और कनाडा जैसे देशों ने भी अमेरिकी रुख की आलोचना करते हुए अंतर्राष्ट्रीय कानून और सीमाओं की अखंडता का सम्मान करने की अपील की है.