रवि, 15 नव. 2026

CGKhabar

क्या ‘डॉलर की बादशाहत’ तोड़ने की दिशा में बढ़ रहा यूरोपीय संघ?

C

CG Khabar

30 जन. 2026, 08:53 AM 4 मिनट में पढ़ें 15

Dollar-Euro
Dollar-Euro

नई दिल्ली । डेस्क: डोनाल्ड ट्रंप के आक्रामक तेवरों और एकतरफा नीतियों से पश्चिमी यूरोप में बेचैनी बढ़ती जा रही है. बार-बार ग्रीनलैंड पर कब्ज़े की धमकी, ऊँचे आयात शुल्क, नाटो सहयोगियों पर सैन्य खर्च बढ़ाने का दबाव इन सबने यूरोपीय संघ (ईयू) और अमेरिका के रिश्तों में तनाव पैदा कर दिया है. ऐसे में अंतरराष्ट्रीय राजनीति और अर्थशास्त्र के गलियारों में एक बड़ा सवाल उठ रहा है: क्या ट्रंप को “सबक सिखाने” के लिए ईयू अब डॉलर की वैश्विक हैसियत को चुनौती देने की रणनीति बना रहा है?


विश्लेषकों का मानना है कि अमेरिका की ताकत केवल उसकी सैन्य क्षमता में नहीं, बल्कि डॉलर की वैश्विक प्रभुता में निहित है. द्वितीय विश्व युद्ध के बाद अंतरराष्ट्रीय व्यापार और भुगतान का प्रमुख माध्यम डॉलर बन गया. 1970 के दशक में सऊदी अरब के साथ समझौते के बाद कच्चे तेल को डॉलर से जोड़ दिया गया और “पेट्रो-डॉलर” व्यवस्था कायम हुई. इस व्यवस्था ने दशकों तक अमेरिका को वैश्विक आर्थिक बढ़त दिलाई.

विज्ञापन


आज स्थिति यह है कि दुनिया के कुल विदेशी मुद्रा भंडार का करीब 60 प्रतिशत डॉलर में है, जबकि यूरो का हिस्सा लगभग 20 प्रतिशत के आसपास सिमटा हुआ है. लंबे समय से ईयू इस असंतुलन को बदलने की कोशिश करता रहा है, लेकिन अब ट्रंप की नीतियों ने उसे नए सिरे से सोचने पर मजबूर कर दिया है. हाल ही में भारत के साथ प्रस्तावित मेगा व्यापार समझौते को लेकर अटकलें तेज़ हैं कि ईयू इसे यूरो को मजबूत करने के हथियार के तौर पर इस्तेमाल कर सकता है. दोनों पक्ष इस समझौते को “मदर ऑफ ऑल डील्स” बता रहे हैं.


सूत्रों के मुताबिक, इस समझौते के तहत भारत से बड़े पैमाने पर परिशोधित पेट्रोलियम उत्पाद खरीदे जा सकते हैं. यदि इसका लेन-देन यूरो में होता है, तो यह पेट्रो-डॉलर के लिए सीधी चुनौती होगी. इसके अलावा, इंडिया-मिडिल ईस्ट-यूरोप कॉरिडोर (IMEC) परियोजना भी ईयू के लिए गेम-चेंजर साबित हो सकती है. यह कॉरिडोर खाड़ी देशों से होकर गुज़रेगा और ईयू को सऊदी अरब व यूएई जैसे देशों के साथ यूरो में ऊर्जा व्यापार का अवसर दे सकता है.


एक और बड़ा हथियार है अमेरिकी ट्रेज़री बॉन्ड. पश्चिमी यूरोपीय देशों के पास अमेरिकी बॉन्ड का बड़ा हिस्सा है और इन्हें अब तक सबसे सुरक्षित निवेश माना जाता रहा है. लेकिन अगर ईयू देश राजनीतिक दबाव में इन बॉन्ड्स को बाजार में बेचना शुरू करते हैं, तो इससे डॉलर कमजोर हो सकता है और अमेरिकी अर्थव्यवस्था पर गहरा असर पड़ सकता है. विशेषज्ञों का कहना है कि अमेरिका पहले से ही भारी बजट घाटे से जूझ रहा है और विदेशी निवेश पर निर्भर है.


इसी बीच ब्रिक्स देशों की भूमिका भी चर्चा में है. रूस लंबे समय से एक साझा ब्रिक्स मुद्रा की वकालत करता रहा है. हालांकि भारत और चीन के बीच मतभेदों के कारण यह योजना अभी ठंडी पड़ी है, लेकिन स्थानीय मुद्राओं में व्यापार को बढ़ावा देने की कोशिशें तेज़ हो रही हैं. फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों खुले तौर पर कह चुके हैं कि दुनिया अब द्विध्रुवीय नहीं रही और ब्रिक्स जैसे समूहों के साथ संवाद व व्यापार बढ़ाना ज़रूरी है.


हालांकि, चुनौतियाँ भी कम नहीं हैं. ईयू के लिए खुले बाजार में अमेरिकी बॉन्ड बेचना आर्थिक नुकसान का सौदा हो सकता है. अरब देशों में अमेरिका की सैन्य मौजूदगी मजबूत है, जिससे पेट्रो-डॉलर छोड़ना उनके लिए आसान नहीं होगा. इसके अलावा, यूरो को वैश्विक मुद्रा के रूप में स्वीकार करने को लेकर चीन, भारत और रूस जैसी शक्तियों की अपनी आपत्तियाँ हैं.


इन सबके बावजूद संकेत साफ हैं कि ट्रंप की नीतियों ने ईयू को डॉलर पर निर्भरता कम करने की दिशा में गंभीरता से सोचने पर मजबूर कर दिया है. अगर ये योजनाएँ आंशिक रूप से भी अमल में आती हैं, तो आने वाले वर्षों में वैश्विक मुद्रा व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है और डॉलर की बादशाहत को अब तक की सबसे बड़ी चुनौती मिल सकती है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
AI Generated Photo
खबर खास

टाइट अंडरवियर से पुरुषों की सेक्सुअल हेल्थ और स्पर्म क्वालिटी को खतरा, नई स्टडी का खुलासा

12 घंटे पहले

AI Generated Photo
खबर खास

तेलंगाना में गिग वर्कर्स के लिए बीमा एवं हर ट्रांजेक्शन पर 1% सामाजिक सुरक्षा योगदान- राहुल गांधी

22 घंटे पहले

रामलीला मैदान-दिल्ली
खबर खास

दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रदर्शन के नए नियम का मसौदा: 50 हजार की भीड़ और 7 घंटे की समय सीमा

23 घंटे पहले

TB
खबर खास

WHO: भारत ने TB से होने वाली मौतों में 38% की ऐतिहासिक गिरावट, वैश्विक औसत को पछाड़ा

एक दिन पहले

Microsoft
खबर खास

इंफ्रास्ट्रक्चर पर बढ़े दबाव से चरमराई माइक्रोसॉफ्ट सेवाएं, आंशिक बहाली, एशिया में संकट बरकरार

एक दिन पहले

AI Generated Photo
खबर खास

AI-जनित परमाणु तबाही को टालने के लिए US-China के बीच ‘हॉटलाइन’ की दरकार- विशेषज्ञों की चेतावनी

2 दिन पहले

CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP