मंगलुरु में नदी में डूबने से छत्तीसगढ़ के मछुवारे की मौत
मंगलुरु । डेस्क: मंगलुरु के बंदरगाह पर एक दर्दनाक हादसा हुआ है, जिसमें छत्तीसगढ़ के 33 वर्षीय एक मछुआरे की नदी में गिरने से मौत हो गई. यह घटना सोमवार देर रात मंगलुरु बंदर के उप्पुधक्का इलाके की है, जब वह नाव को जेटी से बांधने की कोशिश कर रहा था.
मृतक की पहचान छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के बरखास पाली गांव के निवासी प्रहलाद चौहान के रूप में हुई है. प्रहलाद करीब एक साल पहले काम की तलाश में मंगलुरु आया था और तब से मछली पकड़ने के पेशे से जुड़ा हुआ था.
पुलिस के अनुसार, रात करीब 11 बजे जब वह 'हसन अल बहार' नामक मछली पकड़ने वाली नाव की रस्सी बांध रहा था, तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नदी में जा गिरा.
नाव पर मौजूद अन्य मछुआरों ने तुरंत उसे बचाने की कोशिश की और काफी मशक्कत के बाद उसे पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.
घटना के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए वेनलॉक अस्पताल ले जाया गया और फिर हवाई मार्ग से उसके पैतृक गांव भेज दिया गया.
फिलहाल पांडेश्वर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस हादसे के कारणों की आगे की जांच कर रही है.