गाजा शांति योजना पर मोदी ने ट्रंप को फोन पर दी बधाई
गाजा शांति योजना पर मोदी ने 'दोस्त' ट्रंप को फोन पर दी बधाई
नई दिल्ली । डेस्क: ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत-पाक संघर्ष के विराम में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मध्यस्थता के दावे को नई दिल्ली ने स्वीकार नहीं किया था. लेकिन, गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उसी ट्रंप को फोन किया और गाजा में शांति स्थापित करने की उनकी सफलता के लिए उन्हें बधाई दी.
भारत-अमेरिका के बीच टैरिफ वार और व्यापार समझौते को लेकर जारी गतिरोध के माहौल में दोनों नेताओं के बीच यह बातचीत 'महत्वपूर्ण' मानी जा रही है.
विदेश मंत्रालय ने बताया कि प्रधानमंत्री ने गुरुवार को अमेरिकी राष्ट्रपति को फोन कर गाजा शांति समझौते के पहले चरण की सफलता पर शुभकामनाएं दीं.
पीएम मोदी ने खुद 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट किया, "अपने दोस्त राष्ट्रपति ट्रंप से बात की और ऐतिहासिक गाजा शांति योजना की सफलता पर उन्हें बधाई दी."
इसके साथ ही, ट्रंप के साथ द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की जानकारी देते हुए प्रधानमंत्री ने लिखा, "व्यापार वार्ता में हुई सकारात्मक प्रगति की भी समीक्षा की. आने वाले हफ्तों में निकट संपर्क बनाए रखने का फैसला लिया गया है."
गौरतलब है कि ट्रंप के दिए समाधान सूत्र को मानते हुए बुधवार को इजरायल और फिलिस्तीनी सशस्त्र समूह हमास गाजा शांति समझौते के पहले चरण को लागू करने पर सहमत हुए थे.
ट्रंप की इस पहल का स्वागत करते हुए इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सोशल मीडिया पर लिखा था, "अमेरिका अमर रहे." संघर्षविराम के पहले चरण में तेल अवीव (इजरायल) गाजा के कुछ हिस्सों से अपनी सेना हटाएगा, जिसके बदले में हमास सभी इजरायली बंधकों को रिहा करेगा.
ट्रंप की इस सफलता पर मोदी का फोन अब इस बात की उत्सुकता बढ़ा रहा है कि क्या यह नई दिल्ली-वॉशिंगटन व्यापार समझौते का मसौदा फाइनल करने में उत्प्रेरक का काम करेगा.
ट्रंप के अलावा, गाजा शांति समझौते के लिए गुरुवार को प्रधानमंत्री मोदी ने नेतन्याहू को भी फोन कर बधाई दी. इजरायली मीडिया ने बताया कि मोदी का फोन आने पर नेतन्याहू ने कैबिनेट की बैठक रोककर उनसे बात की.