भारत ने नेपाल में नागरिकों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी किए
नई दिल्ली । डेस्क: नेपाल में हिंसक विरोध प्रदर्शनों और प्रधानमंत्री के पी शर्मा ओली के इस्तीफे के बाद भारत ने मंगलवार को अपने नागरिकों के लिए एक ट्रैवल एडवाइजरी और आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर जारी किए. काठमांडू में प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल सहित कई शीर्ष नेताओं के आवासों पर हमला किया और संसद में तोड़फोड़ की.
विदेश मंत्रालय ने भारतीय नागरिकों से नेपाल की यात्रा टालने और सावधानी बरतने की अपील की है. मंत्रालय ने नागरिकों से स्थानीय प्रशासन और भारतीय दूतावास द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा है.
भारतीय दूतावास, काठमांडू ने एक्स पर आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर साझा किए- नेपाल में विकसित हो रही स्थिति को देखते हुए, भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि जब तक स्थिति स्थिर नहीं हो जाती, तब तक नेपाल की यात्रा टालें. नेपाल में मौजूद भारतीय नागरिकों को अपने वर्तमान निवास स्थान पर रहने, सड़कों पर न निकलने और पूरी सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है. उन्हें नेपाल के स्थानीय प्रशासन और भारतीय दूतावास के सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पालन करना चाहिए. किसी भी सहायता के लिए, कृपया भारतीय दूतावास, काठमांडू को निम्नलिखित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें: 1. +977 – 980 860 2881 2. +977 – 981 032 6134.
इससे पहले, भारत ने अशांति के दौरान हुई मौतों पर शोक व्यक्त किया था. विदेश मंत्रालय ने कहा, "हम कल से नेपाल में हो रहे घटनाक्रमों पर बारीकी से नजर रख रहे हैं और कई युवा जिंदगियों के नुकसान से गहरी पीड़ा हुई है."
(फोटो-प्रतीकात्मक)