India-UK ट्रेड डील का दवा निर्यात पर असर
नई दिल्ली । डेस्क: भारत और यूनाइटेड किंगडम (UK) ने 24 जुलाई को लंदन में एक मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर हस्ताक्षर किये, जो भारतीय फार्मा उद्योग के लिए एक बड़ा अवसर साबित होगा. इस समझौते से भारतीय जेनेरिक दवाओं को UK के बाजार में शून्य टैरिफ के साथ प्रवेश मिलेगा, जिससे उनकी प्रतिस्पर्धात्मकता में भारी बढ़ोतरी होगी.
वित्त वर्ष 2024 में भारत के UK को फार्मास्युटिकल निर्यात 914 मिलियन अमरीकी डॉलर तक पहुंचे थे, और अब यह समझौता दवा आपूर्ती को मजबूत करेगा, सस्ती दवाओं तक पहुंच बढ़येगा, और विदेशी प्रत्यक्ष निवेश को प्रोत्साहित करेगा.
यह समझौता बल्क ड्रग उत्पादन, अनुबंध विनिर्माण (CDMO), और संयुक्त अनुसंधान में साझेदारी को बढ़ावा देगा. खास तौर पर, यह उस समय आया है जब UK चीनी आयात से दूरी बना रहा है, और भारतीय उत्पाद इस बाजार में एक बेहतर विकल्प बन सकते हैं.
गौरतलब है कि UK, अमरीका के बाद भारतीय दवा और जैविक उत्पादों का दूसरा सबसे बड़ा आयातक है. यह समझौता न केवल टैरिफ कम करता है, बल्कि भारत को वैश्विक स्वास्थ्य सेवा और प्रौद्योगिकी मूल्य श्रृंखला में एक भरोसेमंद साझेदार के रूप में स्थापित करता है.
इसके अलावा, भारत और UK के बीच यह FTA व्यापार संबंधों को और मजबूत करेगा. यह समझौता 99% भारतीय निर्यात को UK में शून्य टैरिफ प्रदान करता है, जिसमें श्रम-प्रधान क्षेत्र शामिल हैं, जो 'मेक इन इंडिया' पहल को बढ़ावा देंगे.
द्विपक्षीय व्यापार, जो वर्तमान में लगभग 56 बिलियन अमरीकी डॉलर है, 2030 तक दोगुना होने की उम्मीद है. यह समझौता भारतीय पेशेवरों की गतिशीलता को आसान बनायेगा और नवाचार, टिकाऊ प्रथाओं, और गैर-टैरिफ बाधाओं को कम करने पर जोर देगा.
यह समझौता विशेष रूप से महिलाओं, युवा उद्यमियों, किसानों, मछुआरों, स्टार्टअप्स, और MSMEs के लिए समावेशी अवसर प्रदान करेगा.