छत्तीसगढ़ के ईशान भटनागर ने कांस्य पदक जीता
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी ईशान भटनागर ने अपनी शानदार फॉर्म को जारी रखते हुए नाइजीरिया के लागोस में 27 से 30 अगस्त तक आयोजित लागोस इंटरनेशनल क्लासिक्स 2025 में मिश्रित युगल में कांस्य पदक हासिल किया. अराधना बालचंद्रा के साथ जोड़ी बनाकर इस जोड़ी ने दमदार प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान प्राप्त किया.
प्रतियोगिता के प्री-क्वार्टर फाइनल में भटनागर और बालचंद्रा ने नाइजीरिया की अनिक्वे जोविता चिसोम-ओफुआसिया मिरेकल को 21-9, 21-5 से आसानी से हराया. इस जीत का लय उन्होंने क्वार्टर फाइनल में भी बरकरार रखा, जहां उन्होंने फिलीपींस के ओबिएगु सोलोमन और नाइजीरिया की मिशेल मूसा की जोड़ी को 21-7, 21-10 से पराजित किया.
सेमीफाइनल में ईशान और अराधना ने इंडोनेशिया की बिमो प्रासेत्यो-अर्ल्या नबिला थेस्या मुंगरान के खिलाफ कड़ा मुकाबला पेश किया. उन्होंने पहला गेम 25-23 से जीता, लेकिन अगले दो गेम 13-21 और 17-21 से हारकर फाइनल में प्रवेश से चूक गए.
इस उपलब्धि के साथ ईशान ने अपनी अंतर्राष्ट्रीय उपलब्धियों में एक और पदक जोड़ा. इससे पहले वे इस साल ईरान फज्र इंटरनेशनल चैलेंज 2025 और युगांडा इंटरनेशनल चैलेंज 2025 में स्वर्ण पदक जीत चुके हैं.
अपनी गति, तेज रिफ्लेक्स और दृढ़ संकल्प के लिए जाने जाने वाले इस युवा खिलाड़ी ने वैश्विक मंच पर भारत का नाम और ऊंचा किया है.