जैन साध्वी की सड़क दुर्घटना में मौत, जैन समाज ने सौंपा ज्ञापन
पेन्ड्रा । संवाददाता: मध्य प्रदेश के रीवा में हुई एक सड़क दुर्घटना में जैन साध्वी के असामयिक निधन के बाद देशव्यापी जैन समुदाय में गहरा आक्रोश व्याप्त है. इस घटना को लेकर समाज ने सोची-समझी साजिश की आशंका व्यक्त की है.
इसके विरोध स्वरूप पेंड्रा, गौरेला, खोडरी और आसपास के क्षेत्रों के जैन समाज के पदाधिकारियों, महिलाओं और प्रबुद्ध नागरिकों ने एकजुट होकर एक शांतिपूर्ण मौन जुलूस निकाला और अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया.
प्रदर्शन के बाद समाज के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर उन्हें एक संयुक्त ज्ञापन सौंपा. इस ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से मांग की गई है कि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं को रोकने के लिए जैन साधु-साध्वियों के पैदल विहार (आवागमन) के दौरान उनकी सुरक्षा के विशेष और पुख्ता प्रबंध किए जाएं.
ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में मौजूद समाज के लोगों ने सामूहिक हस्ताक्षर कर प्रशासन से जल्द उचित कदम उठाने की अपील की.
सामुदायिक प्रतिनिधियों ने इस पूरी घटना के आरोपी के खिलाफ त्वरित और सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए कड़ी सजा देने की पुरजोर मांग की है. समाज का कहना है कि साधु-संतों की सुरक्षा को लेकर प्रशासनिक स्तर पर गंभीरता दिखाई जानी बेहद जरूरी है ताकि भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना की पुनरावृत्ति न हो सके.