लोकसभा अध्यक्ष: AI का उद्देश्य मानवता की सेवा होना चाहिए
हरिद्वार । डेस्क: लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मंगलवार 16 सितंबर को कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का उपयोग मानवता की सेवा के लिए होना चाहिए, न कि मानव को नियंत्रित करने के लिए. उन्होंने यह बातें हरिद्वार के देव संस्कृति विश्वविद्यालय में "फेथ एण्ड फ्यूचर: इंटेग्रेटिंग एआई विद स्पिरिचुयलिटी" विषय पर आयोजित अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन के उद्घाटन भाषण में कहीं.
यह सम्मेलन फ्यूचर ऑफ लाइफ इंस्टीट्यूट, अमेरिका के सहयोग से आयोजित किया गया.
ओम बिरला ने जोर देकर कहा कि प्रौद्योगिकी का मूल उद्देश्य मानव अनुभव को समृद्ध करना है, न कि उसका स्थान लेना. उन्होंने भारत की नैतिकता और सत्य की ताकत को रेखांकित करते हुए इन मूल्यों को वैश्विक स्तर पर साझा करने का आह्वान किया.
उनके अनुसार, एआई भारत के प्राचीन ज्ञान को विश्व तक पहुँचाने का एक शक्तिशाली माध्यम बन सकता है.
लोक सभा अध्यक्ष ने कहा कि एआई के साथ चुनौतियाँ और अवसर दोनों जुड़े हैं. इसे सकारात्मक दिशा में ले जाने के लिए बुद्धिमत्ता, धैर्य, करुणा और मानवीय मूल्यों का समावेश आवश्यक है.
उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि और लोक कल्याण जैसे क्षेत्रों में एआई की परिवर्तनकारी क्षमता पर प्रकाश डाला, जो लाखों लोगों के जीवन को बेहतर बना सकती है.
ओम बिरला ने भारत के प्राचीन आदर्शों 'वसुधैव कुटुम्बकम' और 'सर्वे भवन्तु सुखिनः' का उल्लेख करते हुए कहा कि एआई का विकास समावेशी और समतापूर्ण होना चाहिए, ताकि इसका लाभ सभी तक पहुँचे.
उन्होंने इस सम्मेलन से आध्यात्मिकता और तकनीकी प्रगति के बीच सार्थक वैश्विक संवाद की शुरुआत होने की आशा व्यक्त की.
इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे.