ओडिशा: शिक्षिका ने 31 छात्रों को पीटा, 1 छात्र का हाथ टूटा, 1 छात्रा बेहोश
भुवनेश्वर । डेस्क: ओडिशा के मयूरभंज जिले के एक सरकारी उच्च प्राथमिक विद्यालय में एक महिला शिक्षिका को शारीरिक दंड देने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है. यह घटना गुरुवार को बैसिंगा पुलिस स्टेशन क्षेत्र के तहत खंदादेउला सरकारी उच्च प्राथमिक विद्यालय में हुई.
अधिकारियों के अनुसार, सहायक शिक्षिका सुकांति कर ने कक्षा 6, 7 और 8 के 31 छात्रों को सुबह की प्रार्थना सभा के बाद उनके पैर न छूने के कारण बांस की छड़ी से पीटा.
आमतौर पर छात्र प्रार्थना के बाद शिक्षकों के पैर छूकर सम्मान प्रकट करते हैं, लेकिन गुरुवार को सुकांति प्रार्थना सभा समाप्त होने के बाद पहुंचीं, जिसके कारण छात्र ऐसा नहीं कर पाए.
इससे नाराज होकर सुकांति ने कथित तौर पर छात्रों को पीटा, जिससे कई छात्रों के हाथों और पीठ पर चोट के निशान पड़ गए.
स्कूल प्रबंधन समिति के अनुसार, एक छात्र के हाथ में फ्रैक्चर हो गया, जबकि एक छात्रा बेहोश हो गई और उसे अस्पताल ले जाना पड़ा.
घटना के बाद, प्रधानाध्यापक पूर्णचंद्र ओझा, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (बीईओ) बिप्लब कर, क्लस्टर रिसोर्स सेंटर कोऑर्डिनेटर देबाशीष साहू और स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्यों ने जांच की और शिक्षिका को दोषी पाया.
बीईओ बिप्लब कर ने बताया, "आरोपी शिक्षिका को शनिवार को निलंबित कर दिया गया. इस मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया गया है."
उल्लेखनीय है कि ओडिशा सरकार ने सितंबर 2004 से सभी शैक्षणिक संस्थानों में शारीरिक दंड पर प्रतिबंध लगा रखा है.
(फोटो- प्रतीकात्मक)