बस्तर के दरभा में बाघ की दस्तक से दहशत
जगदलपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के दरभा इलाके में एक बड़े वन्यजीव की मौजूदगी से ग्रामीणों में भारी दहशत है. कुरांदी गांव और आसपास के कृषि क्षेत्रों के पास वन्यजीव के बड़े और ताज़ा पगमार्क मिले हैं, जिसके बाद वन विभाग ने इलाके में हाई अलर्ट जारी कर दिया है.
वन अधिकारियों ने पुष्टि की है कि यह निशान निश्चित रूप से बिग कैट के हैं. हालांकि, वैज्ञानिक जांच और कैमरा ट्रैप की रिपोर्ट आने से पहले यह कहना जल्दबाजी होगी कि यह बाघ है या तेंदुआ.
यह मामला तब सामने आया जब कुछ दिन पहले केकड़ा-चेरबहार इलाके में एक मवेशी के शिकार की खबर आई थी. ग्रामीणों के अनुसार, मवेशी के शव को देखकर साफ लग रहा था कि उस पर किसी बड़े शिकारी जानवर ने हमला किया है और उसे खींचकर खेतों में ले गया था.
पगमार्क के आकार और शिकार के तरीके को देखते हुए स्थानीय लोगों और ग्रामीणों का दावा है कि यह एक बाघिन हो सकती है. कुरांदी गांव में करीब एक दशक पहले भी बाघ की मौजूदगी की खबरें आई थीं.
वन विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए निगरानी बढ़ा दी है. जगदलपुर के मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) स्टायलो मंडावी ने बताया कि मानसून के दौरान गीली मिट्टी और बारिश की वजह से पंजों के निशान फैल जाते हैं, जिससे उनका सटीक आकार मापना मुश्किल होता है.
इसलिए वन्यजीव की सही पहचान के लिए पगमार्क के प्लास्टर कास्ट बनाए जा रहे हैं और संदिग्ध रास्तों पर कैमरा ट्रैप लगा दिए गए हैं.
इस बीच, सुरक्षा के लिहाज से वन विभाग ने एक एडवाइजरी जारी कर ग्रामीणों को अकेले जंगलों में न जाने, रात के समय बच्चों पर विशेष नजर रखने और मवेशियों को खुले में छोड़ने के बजाय सुरक्षित स्थानों पर बांधने की सलाह दी है. किसी भी असामान्य गतिविधि या वन्यजीव के दिखने पर तुरंत वन विभाग को सूचित करने के लिए कहा गया है.