'नटक्रैकर ह्यूमन', पत्थर के औजार इस्तेमाल करते थे हमारे ये 'करीबी' रिश्तेदार
नैरोबी । डेस्क: लगभग 13-14 लाख साल पहले अफ्रीका में घूमने वाले आधुनिक मनुष्यों के करीबी रिश्तेदार, पैरांथ्रोपस बोइसी (Paranthropus boisei), के बारे में हमारी समझ हाल ही में पूरी तरह बदल गई है. ये वानर और मानव के बीच की एक विलुप्त प्रजाति थी, जिन्हें उनके विशाल मोलर दांतों के कारण 'नटक्रैकर ह्यूमन' भी कहा जाता है. हाल ही में केन्या में खोजे गए एक जीवाश्म ने इस प्रजाति की शारीरिक क्षमता और औजारों के संभावित उपयोग पर नए सिरे से विचार करने को मजबूर कर दिया है.
अभी तक यह माना जाता था कि केवल आदिमानव ('होमो' वंश की विभिन्न प्रजातियां) ही पत्थर के औजार बनाने और इस्तेमाल करने की कला जानते थे. लेकिन यह नई खोज इस पारंपरिक धारणा पर प्रश्नचिह्न लगाती है.
अफ्रीका महाद्वीप में तुर्काना झील के पूर्वी किनारे पर स्थित कुबी फोरा नामक स्थान से लगभग 15 लाख वर्ष पुराने एक प्राचीन कंकाल के अंश मिले हैं. शोधकर्ताओं ने पुष्टि की है कि यह कंकाल पैरांथ्रोपस बोइसी का है. सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इस खोज में पहली बार इस प्रजाति के हाथ और पैर की हड्डियां मिली हैं, जो पहले कभी नहीं मिली थीं.
हथौड़ी पकड़ने की क्षमता
कंकाल के हाथों की उंगलियों की बनावट ने जीवाश्म वैज्ञानिकों को विशेष रूप से सोचने पर मजबूर किया है. उंगलियों की हड्डियों के विश्लेषण से पता चलता है कि इनका अंगूठा काफी लंबा था, जबकि छोटी उंगली थोड़ी मुड़ी हुई थी, और बाकी उंगलियां सीधी थीं. उंगलियों की ऐसी बनावट थी जो उन्हें किसी चीज को कसकर पकड़ने में सक्षम बनाती थी, ठीक वैसे ही जैसे आधुनिक मनुष्य हथौड़ी पकड़ते हैं. हालांकि, उनकी उंगलियों की चौड़ी हड्डियों और अन्य विशेषताओं में गोरिल्ला के साथ भी समानता पाई गई है.
'नेचर' जर्नल में प्रकाशित इस शोध के मुख्य जीवाश्म वैज्ञानिक और न्यूयॉर्क की स्टोनी ब्रुक यूनिवर्सिटी के सहायक प्रोफेसर कैरी मोंगेल ने बताया, "यह पहली बार है जब हम पैरांथ्रोपस बोइसी के हाथ-पैर की हड्डियों की बनावट के बारे में निश्चित रूप से बता सकते हैं."
औजारों के इस्तेमाल की संभावना
जिस समय पैरांथ्रोपस बोइसी अफ्रीका में घूमते थे, उसी समय मानव के तीन पूर्वज – होमो हैबिलिस, होमो रुडोल्फेंसिस और होमो इरेक्टस – भी वहां मौजूद थे. शोधकर्ताओं का एक बड़ा हिस्सा मानता था कि पत्थर के औजार बनाने की क्षमता केवल 'होमो' वंश तक ही सीमित थी.
लेकिन नई खोज से संकेत मिलता है कि पैरांथ्रोपस बोइसी जैसे अन्य वंशों में भी पत्थर के औजारों का उपयोग करने की प्रबल संभावना थी. मोंगेल के अनुसार, हाथों की हड्डियों से यह अनुमान लगाया जा सकता है कि इस करीबी रिश्तेदार में भी उस समय अफ्रीका में रहने वाले मानव पूर्वजों की तरह पत्थर के औजारों का उपयोग करने की क्षमता थी.
हालांकि, शोधकर्ताओं ने अभी तक यह दावा नहीं किया है कि पैरांथ्रोपस बोइसी वास्तव में पत्थर के औजारों का उपयोग करते थे, क्योंकि इसका कोई सीधा प्रमाण नहीं मिला है. उन्होंने यह जरूर कहा है कि उनकी शारीरिक बनावट उन्हें ऐसा करने में सक्षम बनाती थी.
इस पर निश्चितता के लिए और अधिक शोध की आवश्यकता है, जिसके लिए ऐसा जीवाश्म खोजना होगा जिसके साथ पत्थर का औजार भी मौजूद हो, या ऐसी जगह जहां केवल इसी प्रजाति की उपस्थिति हो और वहां प्राचीन पत्थर के औजार मिलें.