भारत की विकास यात्रा में, जापान एक अहम पार्टनर- पीएम मोदी
नई दिल्ली । डेस्क: प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार सुबह जापान में इंडो-जापान इकोनामिक फोरम को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि भारत की विकास यात्रा में, जापान हमेशा एक अहम पार्टनर रहा है. Metro से लेकर manufacturing तक, semiconductors से लेकर start-ups तक, हर क्षेत्र में हमारी साझेदारी,आपसी विश्वास का प्रतीक बनी है.
पीएम मोदी ने बताया कि जापानी कंपनियों ने भारत में 40 बिलियन डॉलर से अधिक का निवेश किया है, जिसमें पिछले दो वर्षों में 13 बिलियन डॉलर का निजी निवेश शामिल है. जापान बैंक फॉर इंटरनेशनल कोऑपरेशन (JBIC) के अनुसार, भारत सबसे आशाजनक निवेश गंतव्य है, और जापान एक्सटर्नल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन (JETRO) के सर्वे में 80% कंपनियां भारत में विस्तार करना चाहती हैं, जबकि 75% पहले से ही मुनाफे में हैं.
उन्होंने कहा, "भारत में पूंजी सिर्फ बढ़ती नहीं, बल्कि कई गुना हो जाती है." पीएम ने भारत के आर्थिक परिवर्तन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पिछले 11 वर्षों में भारत ने राजनीतिक और आर्थिक स्थिरता, नीतिगत पारदर्शिता और तेजी से विकास हासिल किया है. भारत विश्व की सबसे तेजी से बढ़ने वाली प्रमुख अर्थव्यवस्था है और जल्द ही तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा. भारत वैश्विक विकास में 18% योगदान दे रहा है, मजबूत बैंकिंग सेक्टर, कम मुद्रास्फीति, कम ब्याज दरें और 700 बिलियन डॉलर का विदेशी मुद्रा भंडार इसका प्रमाण है.
मोदी ने 'रिफॉर्म, परफॉर्म, ट्रांसफॉर्म' की नीति पर जोर देते हुए कहा कि भारत ने 'वन नेशन-वन टैक्स' के तहत जीएसटी लागू किया और अब नए टैक्स सुधारों पर काम चल रहा है. हाल ही में संसद ने सरलीकृत आयकर संहिता को भी मंजूरी दी है. इसके अलावा, कारोबारी सुगमता के लिए 45,000 अनुपालनों को युक्तिसंगत किया गया है और डिफेंस, स्पेस जैसे क्षेत्रों को निजी क्षेत्र के लिए खोला गया है. न्यूक्लियर एनर्जी सेक्टर को भी खोलने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है.
प्रधानमंत्री ने जापान के साथ साझेदारी को और मजबूत करने के लिए पांच सुझाव दिए:
1-मैन्युफैक्चरिंग: ऑटो सेक्टर में सफलता को बैटरी, रोबोटिक्स, सेमीकंडक्टर, शिप-बिल्डिंग और न्यूक्लियर एनर्जी में दोहराने का प्रस्ताव.
2-टेक्नोलॉजी और इनोवेशन: जापान की तकनीकी विशेषज्ञता और भारत के प्रतिभा भंडार को मिलाकर एआई, क्वांटम कम्प्यूटिंग और बायोटेक में क्रांति लाने की बात.
3-ग्रीन एनर्जी: 2030 तक 500 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा और 2047 तक 100 गीगावाट न्यूक्लियर ऊर्जा के लक्ष्य में जापान के सहयोग की संभावना.
4-नेक्स्ट-जेन इंफ्रास्ट्रक्चर: हाई-स्पीड रेल, बंदरगाहों और मेट्रो लाइनों में प्रगति को और बढ़ाने के लिए जापान की विशेषज्ञता का उपयोग.
5-स्किल डेवलपमेंट: भारतीय युवाओं को जापानी भाषा और सॉफ्ट स्किल्स में प्रशिक्षित कर 'जापान-रेडी' वर्कफोर्स तैयार करने का सुझाव.
मोदी ने कहा, "भारत और जापान की साझेदारी रणनीतिक और स्मार्ट है. आर्थिक तर्कों से प्रेरित यह साझेदारी साझा हितों को साझा समृद्धि में बदल रही है." उन्होंने जापानी कंपनियों से 'मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड' के नारे के साथ भारत में निवेश का आह्वान किया.