शिक्षा कुछ लोगों का विशेषाधिकार नहीं- राहुल गांधी
शिक्षा कुछ लोगों का विशेषाधिकार नहीं, यह आज़ादी की नींव- राहुल गांधी
चिली | डेस्क: कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा है कि भारत को एक ऐसी शिक्षा प्रणाली की आवश्यकता है जो देश की समृद्ध विविधता को दर्शाए और यह "कुछ लोगों का विशेषाधिकार" नहीं बननी चाहिए. उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि शिक्षा ही आज़ादी की नींव है.
पेरू और चिली की अपनी सप्ताह भर की यात्रा के दौरान, श्री गांधी ने पोंटिफ़िकल कैथोलिक यूनिवर्सिटी ऑफ़ पेरू और यूनिवर्सिटी ऑफ़ चिली का दौरा किया और छात्रों के साथ संवाद किया. कांग्रेस ने बताया कि इस "ज्ञानवर्धक संवाद" का फोकस शिक्षा, लोकतंत्र और भू-राजनीति पर था, और कैसे भारत को आज की बहुध्रुवीय दुनिया में अपना रास्ता खुद बनाना चाहिए.
शिक्षा पर बात करते हुए राहुल गांधी ने कहा, "शिक्षा की शुरुआत जिज्ञासा और खुलकर सोचने और बिना किसी डर या राजनीतिक-सामाजिक बाधा के सवाल पूछने की आज़ादी से होती है. शिक्षा को कुछ लोगों का विशेषाधिकार नहीं बनना चाहिए क्योंकि यह आज़ादी की ही नींव है. भारत को एक ऐसी शिक्षा प्रणाली चाहिए जो वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा दे, आलोचनात्मक चिंतन को प्रोत्साहित करे और हमारे राष्ट्र की समृद्ध विविधता को दर्शाए."
इसके अलावा, उन्होंने वैकल्पिक विनिर्माण प्रणाली बनाने की आवश्यकता पर भी बल दिया.
कांग्रेस ने उनके हवाले से कहा, "भारत को एक वैकल्पिक विनिर्माण प्रणाली बनाने की ज़रूरत है जो एक लोकतांत्रिक व्यवस्था में फले-फूले. इस प्रकार, पेरू या अमेरिका के साथ साझेदारी आगे का रास्ता हो सकती है."
राहुल गांधी कोलंबिया, ब्राजील, पेरू और चिली की सप्ताह भर की यात्रा पर थे.