रायगढ़: जिंदल हॉस्टल में असिस्टेंट मैनेजर की संदिग्ध मौत
रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के नहरपाली स्थित जिंदल साउथ वेस्ट कंपनी के हॉस्टल में गुरुवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एसएमएस विभाग में कार्यरत असिस्टेंट मैनेजर खुशबू चौबे का शव उनके कमरे में फांसी पर लटका हुआ पाया गया. घटना के बाद कंपनी परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कर्मचारियों के बीच भय व असमंजस की स्थिति देखी गई.
खुशबू चौबे मूल रूप से झारखंड के जमशेदपुर की रहने वाली थीं और जिंदल साउथ वेस्ट कंपनी में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं. वे कंपनी द्वारा उपलब्ध कराए गए हॉस्टल में ही रह रही थीं.
शाम के समय जब सहकर्मी उनके कमरे तक पहुंचे, तो अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए. तुरंत इसकी सूचना कंपनी प्रबंधन और भूपदेवपुर थाना पुलिस को दी गई.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. पुलिस अधिकारियों के अनुसार मृतका के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है और शुक्रवार को उनकी मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया जाएगा.
फिलहाल मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है.
पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू से जांच कर रही है. हॉस्टल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, वहीं हॉस्टल में रहने वाले अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.