सीनियर विमेंस टी 20 ट्रॉफी: छत्तीसगढ़ ने हिमाचल को हराया
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ ने सीनियर विमेंस टी20 ट्रॉफी 2025 एलीट ग्रुप में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए, रविवार को ग्वालियर में खेले गए अपने सातवें लीग मैच में हिमाचल प्रदेश पर 45 रनों की प्रभावशाली जीत दर्ज की.
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला करने वाली छत्तीसगढ़ की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 162 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया.
छत्तीसगढ़ के लिए नेहा बडवाइक ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 62 रन की पारी खेली, जबकि ऐश्वर्या सिंह ने 42 और सृष्टि शर्मा ने 18 रन का योगदान दिया.
हिमाचल प्रदेश की ओर से नीना चौधरी सबसे सफल गेंदबाज रहीं, जिन्होंने 3 विकेट चटकाए.
जवाब में, हिमाचल प्रदेश की टीम आवश्यक रन रेट को बनाए रखने में संघर्ष करती दिखी और अपने 20 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर केवल 117 रन ही बना सकी.
हिमाचल की ओर से एस एम सिंह ने सर्वाधिक 57 रन बनाए, जबकि नीना चौधरी ने 27 रनों का योगदान दिया.
छत्तीसगढ़ के लिए गेंदबाजी में प्रीति यादव ने शानदार प्रदर्शन किया और 3 विकेट लिए, जबकि महक नरवासे और अदिति पंवार ने दो-दो विकेट हासिल किए.
इस जीत के साथ छत्तीसगढ़ ने ग्रुप चरण में अपनी स्थिति और मज़बूत कर ली है. अपनी मैच-विनिंग पारी के लिए नेहा बडवाइक को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया.