रवि, 08 नव. 2026

CGKhabar

छात्र आतंकवादी नहीं देश का भविष्य हैं, सरकार सुधरे वरना बदल देंगे- अभिजीत दीपके

C

CG Khabar

29 जुल. 2026, 05:06 PM 2 मिनट में पढ़ें 11

अभिजीत दिपके
अभिजीत दिपके

छत्रपति संभाजीनगर । डेस्क: नीट पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर महीने भर से अधिक समय तक चले आंदोलन के बाद वापस लौटे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि सरकार प्रदर्शनकारी छात्रों को परेशान करना बंद करे, क्योंकि छात्र कोई आतंकवादी नहीं बल्कि इस देश का भविष्य हैं. दीपके ने चेतावनी दी कि अगर सरकार सही रास्ते पर नहीं आई, तो देश का युवा सरकार बदल देगा.


दिल्ली में 36 दिनों के लंबे आंदोलन और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद वापस लौटे दीपके का छत्रपति संभाजीनगर हवाई अड्डे पर स्वागत हुआ. संवाददाताओं से बात करते हुए उन्होंने कहा कि देश के छात्रों की जीत हुई है और वे लगभग 40 दिनों के बाद अपने माता-पिता से मिलने घर लौट रहे हैं.

विज्ञापन


विभिन्न राज्यों में प्रदर्शनकारी छात्रों के खिलाफ हो रही पुलिस कार्रवाई पर रोष जताते हुए दीपके ने आरोप लगाया कि कई राज्यों में पुलिस छात्रों के घरों पर जाकर उन्हें गिरफ्तारी की धमकियां दे रही है. 

उन्होंने 20 जुलाई के 'संसद मार्च' का जिक्र करते हुए कहा कि सड़कों पर छात्रों का खून बहाना बेहद दुखद था. 


दीपके ने कहा कि मंत्री के इस्तीफे से छात्रों का गुस्सा शांत नहीं हुआ है और जरूरत पड़ने पर इससे भी बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा. 


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें अपने पद से इस्तीफा देकर 'इन्फ्लुएंसर' बन जाना चाहिए, क्योंकि वे इसमें बहुत माहिर हैं. अपने आवास रवाना होने से पहले उन्होंने डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर मराठवाड़ा विश्वविद्यालय के पास स्थित डॉ. बी. आर. आंबेडकर की प्रतिमा पर जाकर पुष्पांजलि अर्पित की.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP