सोम, 09 नव. 2026

CGKhabar

SC ने वंतारा वन्यजीव सुविधा को दी क्लीन चिट

C

CG Khabar

15 सित. 2025, 06:45 PM 3 मिनट में पढ़ें 15

वंतारा
वंतारा

नई दिल्ली । डेस्क: सुप्रीम कोर्ट ने गुजरात के जामनगर में स्थित वंतारा वन्यजीव सुविधा को विशेष जांच दल (SIT) की रिपोर्ट के आधार पर क्लीन चिट दे दी है. जस्टिस पंकज मिथल और जस्टिस प्रसन्ना बी वराले की पीठ ने सोमवार को सील्ड कवर में दाखिल SIT की रिपोर्ट को खुले कोर्ट में खोला और इसका निष्कर्ष पढ़ा. SIT ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि वंतारा में वन्यजीवों के हस्तांतरण वैधानिक तंत्र के अनुरूप थे.


जस्टिस मिथल की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा, “हम इस रिपोर्ट का अध्ययन करेंगे और यदि कोई कार्रवाई आवश्यक होगी, तो हम दोपहर के समय चैंबर में विस्तृत आदेश पारित करेंगे.” पिछले सप्ताह SIT, जिसमें सेवानिवृत्त सुप्रीम कोर्ट जज जस्टिस जस्ती चेलमेश्वर, उत्तराखंड और तेलंगाना हाई कोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश जस्टिस राघवेंद्र चौहान, पूर्व मुंबई पुलिस आयुक्त हेमंत नागराले, और वरिष्ठ IRS अधिकारी अनीश गुप्ता शामिल थे, ने अपनी रिपोर्ट और एक पेन ड्राइव सुप्रीम कोर्ट को सौंपी थी.

विज्ञापन


वंतारा ने सुप्रीम कोर्ट के इस कदम का स्वागत किया है. अपने बयान में वंतारा ने कहा, “SIT की रिपोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के आदेश ने स्पष्ट कर दिया कि वंतारा के पशु कल्याण मिशन पर उठाए गए संदेह और आरोप निराधार थे. SIT के प्रतिष्ठित सदस्यों द्वारा सत्य की पुष्टि हमारे लिए राहत और आशीर्वाद दोनों है. यह हमें अपने कार्य को और समर्पण के साथ करने की शक्ति देता है.”


सुप्रीम कोर्ट ने 25 अगस्त को एक आदेश पारित कर SIT का गठन किया था, जिसे वंतारा और वैधानिक प्राधिकरणों पर लगे विभिन्न आरोपों की जांच का जिम्मा सौंपा गया था. 


इनमें भारत और विदेशों से जानवरों, विशेष रूप से हाथियों के अधिग्रहण, वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 का अनुपालन, CITES दायित्वों का पालन, पशु चिकित्सा देखभाल और कल्याण के मानकों, निजी संग्रह के आरोप, जल या कार्बन क्रेडिट के दुरुपयोग, और वित्तीय अनियमितताओं व मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप शामिल थे.


वंतारा ने अपने बयान में कहा, “हम हमेशा से प्यार, करुणा और जिम्मेदारी के साथ उन जीवों की सेवा करते हैं जो अपनी बात नहीं कह सकते. हर बचाया गया जानवर, हर ठीक किया गया पक्षी, हर बचाई गई जान हमें याद दिलाती है कि उनका कल्याण हमारी भलाई से अलग नहीं है. यह मानवता की आत्मा की देखभाल का हिस्सा है.” 

वंतारा ने भारत सरकार, राज्य सरकारों और अन्य हितधारकों के साथ मिलकर पशु देखभाल के कार्य को जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई और कहा, “आइए, हम मिलकर धरती माता को सभी प्राणियों के लिए बेहतर बनाएं.”


सुप्रीम कोर्ट ने 12 सितंबर को एक आदेश में कहा था कि SIT की रिपोर्ट और पेन ड्राइव को रिकॉर्ड पर लिया जाता है. 


कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि यह जांच केवल तथ्यों का पता लगाने के लिए है और इसका उद्देश्य किसी वैधानिक प्राधिकरण या निजी पक्ष वंतारा के कामकाज पर संदेह पैदा करना नहीं है. 


दो जनहित याचिकाओं (PIL) में वंतारा पर वन्यजीवों के अवैध हस्तांतरण और हाथियों की गैरकानूनी कैद के आरोप लगाए गए थे, जिनकी जांच के लिए SIT का गठन किया गया था.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP