सोम, 09 नव. 2026

CGKhabar

ट्रंप का दावा वेनेजुएला के राष्ट्रपति मादुरो ‘गिरफ्तार’

ट्रंप का दावा वेनेजुएला के राष्ट्रपति मादुरो ‘गिरफ्तार’, ब्रिटेन ने बनाई दूरी

C

CG Khabar

03 जन. 2026, 01:21 PM 3 मिनट में पढ़ें 11

निकोलस मादुरो
निकोलस मादुरो

वाशिंगटन । डेस्क: अमेरिका और वेनेजुएला के बीच लंबे समय से चल रहे तनाव के बीच एक सनसनीखेज घटनाक्रम सामने आया है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिकी बलों ने “बड़े पैमाने पर” सैन्य हमलों के बाद वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को “गिरफ्तार” कर देश से बाहर ले जाया है. ट्रंप के इस दावे के बाद लैटिन अमेरिका से लेकर यूरोप तक राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है.


वेनेजुएला सरकार ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि अमेरिका ने देश के कई राज्यों में नागरिक और सैन्य ठिकानों पर हमले किए हैं. सरकार ने इन कार्रवाइयों को “सैन्य आक्रमण” करार देते हुए पूरे देश में राष्ट्रीय आपातकाल की घोषणा कर दी है. राजधानी कराकस समेत कई इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और सेना को हाई अलर्ट पर रखा गया है.

विज्ञापन


यह घटनाक्रम ऐसे समय पर सामने आया है, जब हाल के महीनों में अमेरिका ने वेनेजुएला पर आर्थिक प्रतिबंध कड़े किए थे और सैन्य दबाव भी बढ़ाया था. रिपोर्टों के अनुसार, सितंबर से अब तक अमेरिका ने वेनेजुएला के पास समुद्री क्षेत्र में 20 से अधिक हवाई हमले किए हैं. अमेरिका का आरोप है कि राष्ट्रपति मादुरो अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी में शामिल हैं, हालांकि मादुरो इन आरोपों से लगातार इनकार करते रहे हैं. दिलचस्प बात यह है कि गुरुवार को ही मादुरो ने संकेत दिया था कि वे ड्रग तस्करी से निपटने के लिए अमेरिका के साथ किसी समझौते पर बातचीत को तैयार हैं.


ब्रिटेन ने बनाई दूरी


इस बीच ब्रिटेन ने अमेरिकी कार्रवाई से खुद को अलग कर लिया है. ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने साफ कहा कि वेनेजुएला में अमेरिकी ऑपरेशन में ब्रिटेन “किसी भी तरह से शामिल नहीं” था. उन्होंने कहा कि उन्होंने अभी तक ट्रंप से इस मुद्दे पर बात नहीं की है और पहले पूरे तथ्यों को जानना जरूरी है. स्टारमर ने यह भी जोड़ा कि अंतर्राष्ट्रीय कानून का पालन किया जाना चाहिए.


उधर, अमेरिकी अटॉर्नी जनरल पाम बॉन्डी ने दावा किया है कि निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस पर न्यूयॉर्क के साउदर्न डिस्ट्रिक्ट में कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं. इनमें “नार्को-टेररिज्म की साजिश, कोकीन आयात की साजिश, मशीन गन और विनाशकारी हथियारों के कब्जे और अमेरिका के खिलाफ ऐसे हथियार रखने की साजिश” शामिल हैं. बॉन्डी ने सोशल मीडिया पर कहा कि दोनों को “अमेरिकी धरती पर अमेरिकी अदालतों में न्याय का सामना करना होगा.”


हालांकि, वेनेजुएला के भीतर हालात बेहद अनिश्चित बने हुए हैं. स्थानीय पत्रकार सिसी डे फ्लावीस के अनुसार, मादुरो का हटना तुरंत किसी “सकारात्मक बदलाव” की गारंटी नहीं है. उन्होंने कहा कि बीते 27 वर्षों में देश जिस राजनीतिक व्यवस्था के तहत रहा है, उससे बाहर निकलना आसान नहीं होगा. देश के पुनर्निर्माण, संस्थाओं को मजबूत करने और लोगों की मानसिकता बदलने में सालों, बल्कि दशकों लग सकते हैं. साथ ही यह भी स्पष्ट नहीं है कि सत्ता की बागडोर कौन संभालेगा और सेना की भूमिका क्या होगी.


इस पूरे घटनाक्रम के बीच राष्ट्रपति ट्रंप ने घोषणा की है कि वे फ्लोरिडा स्थित अपने निजी आवास मार-ए-लागो से स्थानीय समयानुसार सुबह 11 बजे (GMT 16:00) एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे. माना जा रहा है कि इस दौरान वे वेनेजुएला ऑपरेशन और मादुरो को लेकर अमेरिकी रुख को और स्पष्ट करेंगे.


फिलहाल, ट्रंप के दावे, वेनेजुएला सरकार के खंडन और अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रियाओं के बीच दुनिया की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि आगे यह संकट किस दिशा में जाता है और लैटिन अमेरिका की राजनीति पर इसका क्या असर पड़ता है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP