ब्रिटेन दबाए बैठा है वेनेजुएला का 4.8 अरब डॉलर का सोना
लंदन । डेस्क: वेनेजुएला के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी और देश में नई सरकार के गठन के बावजूद लगभग 4.8 अरब डॉलर मूल्य का वेनेजुएलाई सोना अब भी बैंक ऑफ इंग्लैंड के वॉल्ट में ही बंद रहेगा. ब्रिटिश सरकार ने साफ कर दिया है कि जब तक काराकास में बनी नई सत्ता को औपचारिक मान्यता नहीं दी जाती, तब तक सोना लौटाने का कोई सवाल नहीं है.
वर्ष 2008 से वेनेजुएला का करीब 31 मीट्रिक टन सोना बैंक ऑफ इंग्लैंड में जमा है. मादुरो सरकार को अवैध मानते हुए 2020 से ही ब्रिटेन ने सोना लौटाने की सभी मांगें खारिज कर दी थीं.
इस मुद्दे पर लंबी कानूनी लड़ाई के बाद 2021 में ब्रिटेन की सुप्रीम कोर्ट ने भी बैंक ऑफ इंग्लैंड के फैसले को सही ठहराया था.
हाल ही में मादुरो की गिरफ्तारी के बाद डेलसी रोड्रिगेज ने वेनेजुएला के नए राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली है, लेकिन इसके बावजूद लंदन के रुख में कोई बदलाव नहीं आया है. ब्रिटेन की गृह मंत्री इवेट कूपर ने कहा कि वेनेजुएला में लोकतांत्रिक परिवर्तन के लिए दबाव बनाए रखना ही ब्रिटेन की प्राथमिक नीति है.
इस मामले में ब्रिटेन का रुख अमेरिका के ट्रंप प्रशासन की तुलना में अधिक सख्त माना जा रहा है. हालांकि डेलसी रोड्रिगेज ने अमेरिका के साथ सहयोग के संकेत दिए हैं, लेकिन फिलहाल सोना वापस पाने को लेकर कोई औपचारिक मांग नहीं रखी गई है.
अंतरराष्ट्रीय कूटनीति और कानूनी पेचीदगियों के बीच वेनेजुएला की जनता के इस विशाल स्वर्ण भंडार का भविष्य अभी भी अनिश्चित बना हुआ है.