दंतैल हाथी के हमले से बारनवापारा अभ्यारण्य में ग्रामीण की मौत
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बारनवापारा अभ्यारण्य क्षेत्र में एक दंतैल हाथी के हमले में 55 वर्षीय ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद वन विभाग ने तत्परता दिखाते हुए क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी कर दिया है और हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है.
वन विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, घटना 24 मई 2026 की रात लगभग 8:30 से 9:00 बजे के बीच की है. बारनवापारा अभ्यारण्य के अंतर्गत आने वाले ग्राम दोंद के निवासी जहरु राम नेताम (55 वर्ष) पर एक दंतैल हाथी ने अचानक हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई.
बताया जा रहा है कि यह हाथी पिछले कुछ दिनों से मुरुमडीह क्षेत्र के आसपास मंडरा रहा था और लगातार खेतों व खलिहानों की तरफ आ-जा रहा था. रविवार को जब हाथी ग्राम दोंद की ओर बढ़ा, तो वन विभाग की टीम, हाथी मित्र दल और स्थानीय ग्रामीणों ने सूझबूझ से काम लेते हुए उसे आबादी वाले क्षेत्र से खदेड़ दिया, जिसके बाद वह जंगल की ओर चला गया था.
हालांकि, बाद में हाथी खलिहानों के रास्ते पहाड़ी क्षेत्र की तरफ बढ़ गया.
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की. विभाग द्वारा मृतक के परिजनों को तात्कालिक सहायता राशि के रूप में 25,000 रुपए प्रदान किए गए हैं, जबकि शेष क्षतिपूर्ति राशि शासन के नियमानुसार जल्द ही दी जाएगी.
हाथी की संभावित आवाजाही और खतरे को देखते हुए वन विभाग ने ग्राम मुड़पार, दोंद, सुरबाय, पांडादाह, गुढ़ागढ़, भिभौरी, बफरा, बार, हरदी सहित आसपास के तमाम सीमावर्ती गांवों में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है. वन विभाग और हाथी मित्र दल द्वारा लगातार मुनादी (ढिंढोरा पिटवाकर) और अलर्ट सिस्टम के जरिए ग्रामीणों को हाथी की लोकेशन की जानकारी दी जा रही है.
इस दुखद घटना को लेकर बलौदाबाजार के वनमण्डलाधिकारी (DFO) धम्मशील गणवीर ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है. उन्होंने कहा कि सभी लोग वन विभाग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करें. हाथी दिखने पर उसे किसी भी तरह से उकसाने, पत्थर मारने या उसके करीब जाकर फोटो-वीडियो लेने का प्रयास बिल्कुल न करें. Symbolic Photo.
किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत वन विभाग या हाथी मित्र दल को सूचित करें और मानव-वन्यजीव संघर्ष से बचने के लिए अकेले जंगल या हाथी प्रभावित इलाकों की ओर जाने से परहेज करें.Symbolic Photo.