रवि, 08 नव. 2026

CGKhabar

जब पेपर लीक होता है, एक बच्चे का सपना टूट जाता है- राहुल गांधी

C

CG Khabar

27 मई 2026, 07:06 PM 2 मिनट में पढ़ें 12

राहुल गांधी
राहुल गांधी

नई दिल्ली । डेस्क: कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने राजस्थान के सीकर में आत्महत्या करने वाले नीट (NEET) अभ्यर्थी प्रदीप मेघवाल के पीड़ित परिवार से मुलाकात की. एनएसयूआई (NSUI) कार्यालय में हुई इस मुलाकात के बाद राहुल गांधी ने इस दुखद घटना के लिए केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला. 


उन्होंने छात्र की मौत को आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए इसे 'टूटी और भ्रष्ट व्यवस्था' का नतीजा करार दिया और इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की जवाबदेही तय करने की मांग की.

विज्ञापन


सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर हिंदी में लिखी एक भावुक पोस्ट में राहुल गांधी ने कहा कि लाखों बच्चे पढ़ाई, प्रतियोगिता और अपने भविष्य के भारी दबाव में जी रहे हैं. 


उन्होंने लिखा, "जब कोई पेपर लीक होता है, तो सिर्फ एक परीक्षा नहीं टूटती एक बच्चे का सपना और पूरा परिवार बिखर जाता है. प्रदीप की मौत आत्महत्या नहीं, बल्कि एक भ्रष्ट व्यवस्था का परिणाम है. जिन लोगों ने देश की परीक्षा प्रणाली को माफियाओं के हवाले कर दिया और आज भी अपनी कुर्सियों पर चिपके हुए हैं, वे मोदी-शाह इस परिवार के प्रति जवाबदेह हैं." 


पुलिस के अनुसार, नीट यूजी परीक्षा 2026 देने वाले प्रदीप ने पेपर लीक के कारण परीक्षा रद्द होने से आहत होकर यह आत्मघाती कदम उठाया था. इस दौरान राहुल गांधी ने कुछ अन्य नीट अभ्यर्थियों से भी मुलाकात की, जिन्होंने परीक्षा प्रणाली से अपना भरोसा उठने की बात कही.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP