बलौदाबाजार में भूख-प्यास से 10 गायों की मौत
बलौदाबाजार | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में कुछ लोगों की लापरवाही के चलते 10 गायों की भूख-प्यास से मौत हो गई. ग्रामीण अपनी फसल बचाने के लिए बड़ी संख्या में मवेशियों को एक खंडहर में बंद कर दिया गया था.
इसके बाद ना तो मवेशियों को चारा दिया ना ही पानी. जिसके चलते मवेशियों की मौत हो गई. गांव में दुर्गंध फैलने पर इसकी जानकारी हुई.
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं. फिलहाल मामले की जांच की जा रही है.
घटना जिले के पलारी थाना क्षेत्र के भालुकोना गांव की है. घटना स्थल की तस्वीर दिल दहला देने वाली है.
खंडहर के अंदर अलग-अलग जगहों पर 10 गाय मृत अवस्था में पड़ी हुई थीं. वहीं कई गायों की स्थिति काफी गंभीर है. भूख-प्यास के चलते चलने के लायक भी नहीं है.
इस मामले में गांव वाले कुछ भी कहने से कतरा रहे हैं. इन मवेशियों को कब से बंद किया गया है, यह भी कोई नहीं बता रहा है.
खंडहर में चारा-पानी तो है ही नहीं. हालांकि प्रारंभिक जांच में मोहरा गांव के 4-5 लोगों की संलिप्तता सामने आई है.
दरअसल, आवारा मवेशी खेतों में पहुंच कर फसल को नुकसान पहुंचा रहे थे. फसल को बचाने और मवेशियों से छुटकारा पाने के लिए कुछ लोगों ने खंडहर में बंद कर दिया.
यह खंडहर गांव से बाहर है और पहले से ही जाली तार से घिरा हुआ है. मवेशियों को यहां तक लाना भी आसान था.
शुक्रवार सुबह अचानक गांव में बदबू आने लगी. इसके बाद ग्रामीण खंडहर तक पहुंचे. वहां अलग-अलग जगहों पर 10 गाय मृत अवस्था में मिलीं.
ग्रामीणों ने तत्काल मामले की जानकारी पलारी थाना पुलिस को दी. जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी हेमंत पटेल, तहसीलदार लीलाधर कवर और नायब तहसीलदार पंकज बघेल मौके पर पहुंचे.
अधिकारियों ने तत्काल जेसीबी मशीन मंगवाकर मृत गायों को गड्ढा खुदवाकर दफनाया. पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है.
पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
इधर घटना को लेकर विश्व हिन्दू परिषद के कार्यकर्ताओं में आक्रोश है. उनका कहना है ऐसी घटना को अंजाम देने वालों पर हत्या का मामला दर्ज करना चाहिए.