11 केवी तार से करंट लगने से किशोर मृत, पिता गंभीर
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में बुधवार को एक दुखद हादसे में 13 वर्षीय किशोर की 11 केवी बिजली के तार से करंट लगने के कारण मृत्यु हो गई. इस हादसे में किशोर के पिता, जो उसे बचाने दौड़े, भी करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं.
यह घटना सीपत क्षेत्र के पंधी गांव में हुई.
पुलिस के अनुसार, मृतक किशोर आदित्य सूर्यवंशी (13) एक ग्रामीण के गोशाला की बाउंड्री वॉल पर खेल रहा था.
खेलते समय वह पास से गुजर रहे 11 केवी के बिजली के तार के संपर्क में आ गया.
उसका छोटा भाई अंश भी मौके पर मौजूद था और उसने इस हादसे को देखा.
हादसे की सूचना मिलते ही आदित्य के पिता संजय सूर्यवंशी उसे बचाने के लिए दौड़े, लेकिन वह भी बिजली के तार के संपर्क में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए.
दोनों को तुरंत सीपत के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने आदित्य को मृत घोषित कर दिया.