ब्रिटेन के 120 करोड़पतियों ने PM से की मांग, हम पर बढ़ाएं टैक्स
लंदन । डेस्क: ब्रिटेन में आर्थिक असमानता को कम करने और सार्वजनिक सेवाओं को मजबूती देने के लिए देश के धनकुबेरों ने खुद ही कर बढ़ाने की अनोखी पेशकश की है. स्पोर्ट्स ब्रॉडकास्टर गैरी लाइनकर और अभिनेत्री जूलिया डेविस समेत लगभग 120 करोड़पतियों के एक समूह ने नए प्रधानमंत्री एंडी बर्नहैम को 'प्राउड टू पे' नाम से एक खुला पत्र लिखा है.
'पैट्रियोटिक मिलियनेयर्स' नामक इस समूह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि देश के बेहतर भविष्य के लिए अति-अमीर लोगों पर कर की दरें बढ़ाई जानी चाहिए ताकि वे राष्ट्रीय विकास और जन कल्याण में अपना योगदान दे सकें.
"पेट्रियोटिक मिलियनेयर्स" (Patriotic Millionaires) के अनुसार, 1 करोड़ पाउंड ($1.33 करोड़) से अधिक की संपत्ति पर 2 प्रतिशत का धन कर (वेल्थ टैक्स) लगाने से ब्रिटेन के लिए हर साल 24 अरब पाउंड ($32 अरब) जुटाए जा सकते हैं, जबकि पूंजीगत लाभ कर (कैपिटल गेन्स टैक्स) में सुधार से अतिरिक्त 12 अरब पाउंड ($16 अरब) और जुटाए जा सकते हैं.
पत्र में करोड़पतियों ने चिंता जताते हुए कहा कि लंबे समय से संपत्ति और सत्ता कुछ ही हाथों में सिमट कर रह गई है, जिसका बुरा असर देश की अर्थव्यवस्था, लोकतंत्र और पर्यावरण पर पड़ रहा है.
उन्होंने सुझाव दिया कि अधिक टैक्स से मिलने वाले राजस्व का उपयोग बुनियादी ढांचे को सुधारने, असमानता घटाने और छोटे कारोबारियों को बढ़ावा देने में किया जा सकता है.
पूर्व फुटबॉल खिलाड़ी गैरी लाइनकर ने कहा कि जब आम जनता पहले से ही अपनी क्षमता से अधिक टैक्स दे रही है, तो सक्षम लोगों को देश हित में आगे आना चाहिए.
इस पहल का स्वागत करते हुए ट्रेजरी की मुख्य सचिव एम्मा रेनॉल्ड्स ने संकेत दिया कि सरकार ऐसे विचारों की सराहना करती है, हालांकि टैक्स नीति से जुड़े बड़े फैसले बजट के दौरान ही लिए जाते हैं.
वहीं प्रधानमंत्री एंडी बर्नहैम ने भी देश में निष्पक्षता लाने के लिए संपत्ति कर जैसे कदमों के संकेत दिए हैं. अर्थशास्त्रियों का मानना है कि यदि ब्रिटेन में अत्यधिक अमीर लोगों पर मामूली वेल्थ टैक्स और कैपिटल गेंस टैक्स में सुधार लागू किए जाएं, तो सरकार सालाना अरबों पाउंड का अतिरिक्त राजस्व जुटा सकती है.