ज़हरीली शराब पीने से 14 की मौत
अमृतसर : डेस्क: पंजाब के अमृतसर ज़िले में ज़हरीली शराब पीने से 14 लोगों की मौत हो गई है, जबकि छह अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. यह घटना जिले के मजीठा क्षेत्र के पांच गांवों में हुई है.
स्थानीय प्रशासन और पुलिस के अनुसार, यह त्रासदी सोमवार रात सामने आई जब लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी. अमृतसर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मनिंदर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया, "हमें रात करीब 9:30 बजे सूचना मिली कि नकली शराब पीने से कुछ लोगों की मौत हो रही है. हमने तुरंत कार्रवाई करते हुए मुख्य सप्लायर परबजीत सिंह समेत चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया है."
एसएसपी ने बताया कि यह घटना भंगाली, पातालपुरी, मरारी कलां, थेरेवाल और तलवंडी घुम्मन गांवों में हुई है. उन्होंने कहा कि अभी तक 14 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि छह लोग अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती हैं.
राज्य सरकार की ओर से नकली शराब बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं. अमृतसर की डिप्टी कमिश्नर साक्षी एस. ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रभावित गांवों में घर-घर जाकर लोगों की जांच कर रही हैं.
उन्होंने कहा, “हमारी प्राथमिकता है कि इस घटना में और किसी की जान न जाए। सरकार की ओर से हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है.”