बीजापुर में 16 माओवादी गिरफ्तार
बीजापुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 16 संदिग्ध माओवादियों को गिरफ्तार किया है. ये सभी माओवादी कई बड़ी घटनाओं में शामिल रहे हैं.
इनके पास से भारी मात्रा में विस्फोट और माओवादी संगठन के प्रचार-प्रसार की सामग्री भी बरामद किया गया है.
बताया गया कि थाना बासागुड़ा, थाना गंगालूर और जांगला थाना से डीआरजी, कोबरा सीआरपीएफ की संयुक्त टीम सर्चिंग ऑपरेशन पर निकली थी.
इसी दौरान थाना बासागुड़ा में 2 माओवादी, गंगालूर में 6 माओवादी और जांगला क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान 8 सक्रिय माओवादियों को पकड़ा गया.
इन माओवादियों के पास से आईईडी, कुकर बम, टिफिन बम, कार्डेक्स वायर, सेफ्टी फ्यूज, मल्टीमीटर, बिजली का तार, जमीन खोदने का औजार, माओवादी संगठन की प्रचार प्रसार की सामग्री (बैनर, पोस्टर, पाम्पलेट) सहित अन्य सामान बरामद हुए हैं.
बरामद सामग्री को जब्त कर आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर गिरफ्तारी के बाद न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया.