छत्तीसगढ़: 17 करोड़ का स्नेक बाइट मुआवजा घोटाला, डॉक्टर सहित 4 गिरफ्तार
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित स्नेक बाइट मुआवजा घोटाले में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में तैनात रहीं एक महिला डॉक्टर और राजस्व विभाग के तीन कर्मचारियों को इस मामले में गिरफ्तार किया गया है. जांच के दौरान यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि इन लोगों ने मिलीभगत कर 17 करोड़ रुपये से अधिक की सरकारी राशि का गबन किया.
फिलहाल इस पूरे फर्जीवाड़े से जुड़े 16 अलग-अलग मामलों की गहन जांच की जा रही है, जिसमें आने वाले समय में कुछ और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है.
इस बड़े फर्जीवाड़े की परतें तब खुलनी शुरू हुईं, जब साल 2025 में बिलासपुर के बिल्हा थाना क्षेत्र में एक संदिग्ध मामला सामने आया था. वहां जहर खाने से हुई एक व्यक्ति की मौत को सांप के काटने का रूप देकर फर्जी पोस्टमार्टम रिपोर्ट तैयार की गई थी. उस दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित महिला डॉक्टर, मृतक के परिजनों और एक वकील को सलाखों के पीछे भेज दिया था.
इस शुरुआती कामयाबी के बाद जब पुलिस ने कड़ियां जोड़ीं, तो एक के बाद एक कई संदिग्ध मामले सामने आते गए, जिसमें सामान्य मौतों को भी आपदा राहत मुआवजे के लिए सर्पदंश में बदल दिया गया था.
जांच में सामने आया है कि राजस्व विभाग के नियमों के तहत सर्पदंश से जान गंवाने वाले व्यक्ति के परिजनों को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है. इसी का फायदा उठाने के लिए बिलासपुर क्षेत्र में नियमों को ताक पर रखकर 431 मौतों का आधार केवल कागजों पर सर्पदंश बता दिया गया, जबकि जशपुर जैसे आदिवासी बाहुल्य जिले में पिछले तीन वर्षों में वास्तविक रूप से सांप के डसने से 96 मौतें दर्ज हुई थीं.
इस विसंगति और भारी-भरकम राशि के हेरफेर को लेकर विधानसभा में भी भारी हंगामा हुआ था, जिसके बाद विभागीय स्तर पर इस रैकेट के खिलाफ उच्च स्तरीय जांच का शिकंजा कसा गया.
वर्तमान में सिम्स अस्पताल के चार से पांच अन्य चिकित्सा अधिकारी भी पुलिस की रडार पर हैं, जिन पर फर्जी शव परीक्षण रिपोर्ट तैयार करने का संदेह है. इनमें से कुछ से पूछताछ पूरी हो चुकी है, जबकि अन्य के खिलाफ साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.
गिरफ्तार किए गए राजस्व विभाग के लिपिकों और डॉक्टरों के इस गठजोड़ ने जिस तरह से सरकारी खजाने को चूना लगाया, उसने पूरे प्रशासनिक अमले को हिलाकर रख दिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह एक संगठित नेटवर्क था, जिसके हर एक सदस्य को बेनकाब करने के लिए कार्रवाई जारी रहेगी.