स्कूल बस की चपेट में आने से 2 साल की मासूम की मौत
राजनांदगांव । संवाददाता: मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के खड़गांव थाना क्षेत्र स्थित घोटिया गांव में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. बच्चों को पिक करने पहुंची फ्लॉवर वैली इंग्लिश मीडियम स्कूल की बस की चपेट में आने से दो वर्षीय बच्ची की मौके पर ही जान चली गई.
हादसे के तुरंत बाद चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया.
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए मोहला भेज दिया है और फरार चालक की तलाश में जुट गई है.
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने घोटिया-भर्रीटोला मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया. सड़क पर उतरकर नारेबाजी कर रहे ग्रामीणों की मांग है कि दोषी चालक पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए.
चक्काजाम के कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप्प हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आक्रोशित लोगों को समझाने और स्थिति को नियंत्रित कर यातायात बहाल कराने का प्रयास शुरू किया.