21 क्षेत्रीय पार्टियों ने आमदनी से ज्यादा किया खर्च: ADR रिपोर्ट
नई दिल्ली । डेस्क: देश के 21 प्रमुख क्षेत्रीय राजनीतिक दलों ने वित्त वर्ष 2024-25 के दौरान अपनी घोषित कमाई से कहीं अधिक पैसा खर्च कर दिया है. एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, विश्लेषण में शामिल 36 मान्यता प्राप्त क्षेत्रीय दलों में से 21 दल ऐसे हैं, जिनका खर्च उनकी कुल आय की तुलना में बहुत ज्यादा रहा.
कुल मिलाकर इन सभी पार्टियों का सामूहिक खर्च उनकी संयुक्त आमदनी से करीब 20 प्रतिशत (₹240.12 करोड़) अधिक होकर ₹1,433.07 करोड़ तक पहुंच गया, जबकि इनकी कुल आय ₹1,192.94 करोड़ ही थी.
आमदनी से ज्यादा खर्च करने वाले दलों में वाईएसआर कांग्रेस (YSR Congress) सबसे आगे रही, जिसने अपनी कमाई से 142.33% अधिक यानी ₹199.82 करोड़ का अतिरिक्त खर्च दर्ज किया. वाईएसआर कांग्रेस की कुल आय ₹140.39 करोड़ थी, जबकि उसका खर्च ₹340.20 करोड़ रहा.
इसके अलावा ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस (AITC), भारत राष्ट्र समिति (BRS), बीजू जनता दल (BJD), जनता दल यूनाइटेड (JD-U) और समाजवादी पार्टी (SP) जैसी बड़ी पार्टियां भी अपनी कमाई से अधिक खर्च करने वाले दलों में शामिल हैं.
रिपोर्ट बताती है कि इस भारी-भरकम खर्च का एक बहुत बड़ा हिस्सा चुनावी अभियानों पर खर्च हुआ. उदाहरण के लिए, अकेले वाईएसआर कांग्रेस ने ₹299.92 करोड़ और बीजेडी ने ₹270.66 करोड़ केवल चुनाव प्रचार पर खर्च किए.
दूसरी ओर, रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि जहां 21 पार्टियां घाटे में रहीं, वहीं केवल 15 दलों के पास बचा हुआ फंड रहा, जिसमें तेलुगु देशम पार्टी (TDP) ₹166.98 करोड़ की बचत के साथ शीर्ष पर रही.
एडीआर ने अपनी रिपोर्ट में इस बात पर भी चिंता जताई है कि 31 क्षेत्रीय दलों जिनमें द्रमुक (DMK), शिवसेना और राकांपा (NCP) जैसे बड़े नाम शामिल हैं ने तय समय सीमा बीतने के 207 दिनों बाद भी अपने खातों का ऑडिट विवरण सार्वजनिक नहीं किया है.
इस वित्तीय असंतुलन और पारदर्शिता की कमी को देखते हुए, एडीआर ने राजनीतिक चंदे की कड़ाई से निगरानी करने और ऑडिट रिपोर्ट में देरी करने वाले दलों पर सख्त जुर्माना लगाने की वकालत की है.