छत्तीसगढ़ पुलिस के 221 कर्मियों को 'केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक'
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ पुलिस के 221 अधिकारियों और कर्मचारियों को वर्ष 2025 के लिए प्रतिष्ठित 'केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक' से सम्मानित किया गया है. केंद्रीय गृह मंत्रालय ने शुक्रवार, 31 अक्टूबर को इस पुरस्कार की सूची जारी की, जिसकी घोषणा सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर की गई है.
पुरस्कार पाने वालों में छत्तीसगढ़ के अतिरिक्त महानिदेशक (ADG) विवेकानंद, महानिरीक्षक (IG) सुंदरराज पी और अमरेश कुमार जैसे वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं. इनके अलावा, उप महानिरीक्षक (DIG) कमलोचन कश्यप और अमित तुकाराम कांबले, तथा पुलिस अधीक्षक (SP) जितेंद्र कुमार यादव, किरण चव्हाण, वाई अक्षय कुमार, गौरव राय, प्रभात कुमार, निखिल रखेचा और विकास कुमार सहित कई अन्य IPS अधिकारी भी इस सम्मान के लिए चुने गए हैं.
देशभर में विभिन्न राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और केंद्रीय पुलिस संगठनों के कुल 1,466 कर्मियों को इस पदक से नवाजा गया है.
यह पदक पुलिस कर्मियों के उत्कृष्ट कार्य को मान्यता देने, उच्च पेशेवर मानकों को बढ़ावा देने और उनके मनोबल को बढ़ाने के लिए प्रदान किया जाता है. यह सम्मान विशेष रूप से चार क्षेत्रों – विशेष ऑपरेशन, जांच, आसूचना और फोरेंसिक विज्ञान में असाधारण प्रदर्शन के लिए दिया जाता है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में 1 फरवरी, 2024 को इस पदक की स्थापना की गई थी, जिसका उद्देश्य पुलिस बल के सदस्यों, सुरक्षा संगठनों, खुफिया विंगों और फोरेंसिक विज्ञान में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों/कर्मियों के उत्कृष्ट योगदान को सम्मानित करना है.