पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या मामले में यूपी-बिहार से 3 गिरफ्तार, 2 हिरासत में
कोलकाता । डेस्क: पश्चिम बंगाल के नवनियुक्त मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए विशेष जांच दल ने बड़ी कामयाबी हासिल की है. पुलिस ने उत्तर प्रदेश और बिहार के सीमावर्ती इलाकों में छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य को हिरासत में लिया गया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मयंक शर्मा, विक्की सिंह और राजबीर सिंह के रूप में हुई है, जिन्हें बिहार के बक्सर जिले से पकड़ा गया.
जांच से जुड़े सूत्रों के अनुसार, पुलिस को शक है कि मयंक शर्मा ने ही हत्या से पहले चंद्रनाथ की रेकी की थी. इन सभी आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर कोलकाता लाया गया है और पूछताछ के बाद इन्हें सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा.
गौरतलब है कि 6 मई की रात उत्तर 24 परगना के मध्यमग्राम में चंद्रनाथ रथ की उस समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जब वे निजाम पैलेस से अपने घर लौट रहे थे. हमलावरों ने करीब 7 किलोमीटर तक उनके वाहन का पीछा किया और बेहद पेशेवर तरीके से वारदात को अंजाम दिया.
इस हमले में उनके ड्राइवर बुद्धदेव बेरा भी गंभीर रूप से घायल हो गए थे. वारदात के पीछे अंतरराज्यीय शार्पशूटरों के हाथ होने की आशंका के चलते एसआईटी ने ओडिशा, बिहार और उत्तर प्रदेश में दबिश दी थी. टोल प्लाजा से मिली ई-रसीदों ने जांच में अहम भूमिका निभाई. मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी आज पुलिस के आला अधिकारियों के साथ इस मामले पर उच्च स्तरीय बैठक भी करेंगे.