30 दिन की जेल और पद खत्म! सरकार ला सकती है नया कानून
नयी दिल्ली । डेस्क: केंद्र सरकार आगामी मानसून सत्र में संसद में एक बेहद अहम और बड़ा संवैधानिक बदलाव लाने की तैयारी में है. सूत्रों के मुताबिक, सरकार संसद में 130वां संविधान संशोधन विधेयक पेश कर सकती है, जिसके तहत यदि कोई मुख्यमंत्री, मंत्री या प्रधानमंत्री गंभीर अपराधों के मामलों में लगातार 30 दिनों तक गिरफ्तारी या न्यायिक हिरासत में रहते हैं, तो उन्हें उनके पद से स्वतः ही हटा दिया जाएगा.
सूत्रों के अनुसार, गृह मंत्री अमित शाह द्वारा अगस्त 2025 में लोकसभा में पेश किए गए इस विधेयक को व्यापक विचार-विमर्श के लिए भाजपा सांसद अपराजिता सारंगी की अध्यक्षता वाली संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) के पास भेजा गया था. जेपीसी इस मानसून सत्र के दौरान अपनी रिपोर्ट सौंप सकती है.
इस कानून को पारित कराने के लिए संसद के दोनों सदनों में दो-तिहाई बहुमत की आवश्यकता होगी, जिसे लेकर सरकारी रणनीतिकार पूरी तरह आश्वस्त नजर आ रहे हैं. राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि विपक्षी दलों के कुछ सांसदों के पाला बदलने से सरकार को इस विधेयक को पारित कराने में आवश्यक संख्या बल आसानी से मिल सकता है.
सरकार इस प्रस्तावित कानून को सार्वजनिक जीवन में 'संवैधानिक नैतिकता' और उच्च नैतिक मानकों को बनाए रखने के लिए एक जरूरी कदम बता रही है. सरकारी सूत्रों का कहना है कि पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा गिरफ्तारी के बाद भी इस्तीफा न देने के घटनाक्रम के बाद इस कानून को लाने की प्रक्रिया में तेजी आई है.
हालांकि, कांग्रेस और इंडिया (INDIA) गठबंधन से जुड़े अधिकांश विपक्षी दलों ने इस जेपीसी की कार्रवाई का बहिष्कार किया है. विपक्ष का आरोप है कि यह कानून पूरी तरह से संघवाद की भावना के खिलाफ है और इसका इस्तेमाल केंद्रीय जांच एजेंसियों के जरिए विपक्षी नेताओं को राजनीतिक रूप से निशाना बनाने के लिए किया जा सकता है.
तमाम विरोधों के बीच, संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) आगामी 17 जुलाई को एक बैठक करने जा रही है, जिसमें बहिष्कार करने वाले विपक्षी दलों को अपनी राय दर्ज कराने का एक आखिरी औपचारिक मौका दिया जाएगा.
सूत्रों का कहना है कि समिति मूल विधेयक के मुख्य प्रावधान को बदले बिना, विशेषज्ञों और विपक्ष की चिंताओं को दूर करने के लिए इसमें कुछ सीमित संशोधनों की सिफारिश कर सकती है, जिसके बाद मानसून सत्र के उत्तरार्ध में इसे पारित कराने के लिए सदन के पटल पर रखा जाएगा.