छत्तीसगढ़ में 30,651 आवारा कुत्तों की नसबंदी, 50362 को एंटी-रेबीज
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य में आवारा कुत्तों और उनसे होने वाली कुत्ता काटने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए एक विशाल अभियान शुरू किया है. उच्चतम न्यायालय और भारतीय पशु कल्याण बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के पालन में राज्य शासन ने अब तक उठाए गए ठोस कदमों की जानकारी बिलासपुर उच्च न्यायालय के समक्ष पेश की है.
मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा और न्यायाधीश रवींद्र कुमार अग्रवाल की खंडपीठ के समक्ष मुख्य सचिव द्वारा प्रस्तुत हलफनामे में बताया गया कि राज्य में आवारा कुत्तों के वैज्ञानिक प्रबंधन और रेबीज रोधी टीकाकरण के लिए 33.98 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है.
इस राशि में से पशु चिकित्सा सेवा विभाग को वर्ष 2025-26 के लिए 3.98 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं, जबकि नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग को वर्ष 2025-26 में 10 करोड़ रुपये तथा वर्ष 2026-27 के लिए 20 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं.
उच्च न्यायालय को सौंपे गए आंकड़ों के अनुसार, दिसंबर 2025 तक राज्य में केवल छह पशु जन्म नियंत्रण (एबीसी) केंद्र संचालित थे, जिनकी संख्या अब बढ़कर 34 हो गई है. जनवरी से जून 2026 के बीच 28 नए केंद्र शुरू किए गए हैं. वर्तमान में 32 जिलों में कम से कम एक एबीसी केंद्र पूरी तरह से कार्यरत है, जबकि गरियाबंद जिले में नया सेंटर निर्माणाधीन है.
राज्य में आवारा कुत्तों की देखरेख के लिए 4,340 कुत्तों की क्षमता वाले 199 डॉग शेल्टर स्थापित किए गए हैं. इन व्यवस्थाओं के संचालन के लिए 462 कर्मचारी तैनात हैं. इसके अलावा कुत्तों को पकड़ने के लिए 39 विशेष वाहन, 347 डॉग-कैचिंग नेट, 366 केनेल और 827 प्रशिक्षित कर्मियों की टीम मुस्तैद की गई है.
पशु जन्म नियंत्रण नियम, 2023 के तहत 30 जून 2026 तक राज्य भर में 30,651 आवारा कुत्तों की नसबंदी की जा चुकी है. इसके साथ ही 50,362 आवारा कुत्तों को एंटी-रेबीज का टीका लगाया गया है और 42,263 कुत्तों का डी-वॉर्मिंग उपचार संपन्न हुआ है.
सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का अनुपालन करते हुए राज्य भर में कुत्तों के खान-पान के लिए 2,593 भोजन स्थल चिन्हित किए गए हैं. सड़कों पर आवारा पशुओं के जमावड़े को देखते हुए 251 संवेदनशील सड़क खंडों की पहचान की गई है, जहाँ 644 गश्ती दल, 28 एम्बुलेंस और सात क्रेन निरंतर तैनात हैं.
सार्वजनिक स्थानों और शैक्षणिक संस्थानों को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ सरकार ने 51,160 सार्वजनिक संस्थानों की पहचान की है, जिनमें 45,918 सरकारी एवं निजी स्कूल शामिल हैं. इनमें से 49,458 संस्थानों में नोडल अधिकारियों की नियुक्ति और सूचना बोर्ड लगाने का काम पूरा हो चुका है, जबकि 44,204 परिसरों को चारदीवारी, बाड़ और फाटकों से सुरक्षित किया गया है.
इन व्यवस्थाओं की देखरेख के लिए 1,424 निरीक्षण अधिकारी नियुक्त किए गए हैं.
जनशिकायतों के समाधान के लिए नगरीय प्रशासन विभाग ने 'निदान' हेल्पलाइन नंबर 1100 और राष्ट्रीय राजमार्गों के लिए 1033 हेल्पलाइन को सक्रिय किया है. 30 जून 2026 तक दर्ज 9,045 शिकायतों में से 8,895 का त्वरित निवारण कर दिया गया है.
इसी अवधि के दौरान राजमार्गों से 1,53,351 आवारा मवेशियों को हटाया गया है. राज्य में 137 गौशालाएं और 421 मवेशी आश्रय स्थल संचालित हैं, जबकि 100 नए गोधामों की स्वीकृति में से 28 पहले ही क्रियान्वित हो चुके हैं.
उच्च न्यायालय की खंडपीठ ने इन तमाम प्रयासों की समीक्षा के बाद माना कि जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस पूरे अभियान की सतत निगरानी आवश्यक है. अदालत ने मुख्य सचिव को निर्देश दिया है कि वे सभी विभागों, निकायों और जिला प्रशासनों के समन्वय से नियमित समीक्षा जारी रखें और अगली सुनवाई पर अद्यतन जिलावार अनुपालन रिपोर्ट दाखिल करें.